
गुटखा ने खोल दी चोर की पोल।
मध्य प्रदेश के रीवा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ज्वेलरी शॉप में हुई लूट की वारदात का खुलासा किसी मुखबिर ने नहीं, बल्कि गुटखा ने कर दिया। दरअसल शातिर चोर पूरी प्लानिंग के साथ नकाब पहनकर ज्वेलरी शॉप में घुसा और कीमती गहनों पर हाथ साफ कर फरार हो गया। घटना के बाद चोर की हरकत CCTV कैमरे मे कैद हो गई।
गुटखे की लत और पकड़ा गया चोर
वारदात के वक्त चोर ने चेहरा पूरी तरह ढका हुआ था, जिससे उसकी पहचान मुश्किल हो रही थी लेकिन लूट से पहले चोर ने ऐसी गलती कर दी, जिसने उसकी पूरी साजिश पर पानी फेर दिया। पुलिस घटना की तफ्तीश कर ही रही थी कि बीते दिन अचानक अहम सुराग हाथ लग गया। वारदात से पहले ही चोर ने गुटखा खाने के लिए नकाब खोल दिया और यही पल दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया।
जानें पूरा मामला
दरअसल, ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी की यह वारदात रीवा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत उपरहटी मोहल्ले की है। यहां पर रहने वाले विनोद खण्डेलवाल अपने घर पर बनी दुकान पर ही ज्वेलरी शॉप संचालित करते हैं। बीते 5 जनवरी 2026 को घर के सभी सदस्य सुबह गंगा स्नान करने प्रयागराज गए हुए थे जबकि विनोद खण्डेलवाल घर पर ही थे। देर शाम तकरीबन 7 बजे विनोद अपने घर का दरवाजा खुला छोड़कर बगल की दुकान में आलू खरीदने चले गए। वापस लौटने पर उन्होंने अंदर से एक नकाबपोश बदमाश को भागते हुए देखा। इसके बाद जब दुकान में जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए।
चांदी के गहने हुए चोरी
दुकान से चांदी से निर्मित कीमती गहने गायब थे। चोरी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। ज्वेलरी संचालक ने घटना की सूचना तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने ज्वलेरी शॉप में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें नकाबपोश बदमाश कैद हुआ था। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने जब जांच तेज की तो चोर की पहचान आसान हो गई।
देखें वीडियो-
नकाब हटाकर गुटखा खाते CCTV में कैद
सीसीटीवी फुटेज में चोरी की वारदात से पहले बदमाश ने चेहरे से नकाब हटाकर गुटखा खाया था। चेहरे की साफ तस्वीर मिलते ही पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया और अपने साथ थाने ले गई। पकड़े गए राजेंद्र सोनी और चिराग बाधवानी से जब टीम ने कड़ाई से पूछताछ की तो दोनों ने ज्वेलरी शॉप में की गई चोरी की वारदात कबूल ली। पुलिस के मुताबिक नकाबपोश चोर राजेंद्र सोनी ने अपने साथी चिराग बाधवानी के साथ उसकी स्कूटी से खण्डेलवाल ज्वेलरी शॉप की रेकी की थी।
स्कूटी से दोस्त के साथ की रेकी
पुलिस के मुताबिक नकाबपोश चोर राजेंद्र सोनी ने अपने साथी चिराग बाधवानी के साथ उसकी स्कूटी से खण्डेलवाल ज्वेलरी शॉप की रेकी की थी। विनोद खंडेलवाल जैसे ही घर का दरवाजा खुला छोड़कर पास की दुकान पर सामान लेने गए तभी राजेंद्र सोनी चेहरे से नकाब को ढककर घर के अंदर प्रवेश कर गया। इसके बाद घर के अंदर से दुकान में घुसकर तकरीबन 3 लाख कीमत की चांदी से बाने जेवरात लेकर अपने साथी के साथ स्कूटी पर बैठकर मौके से फरार हो गया।
चांदी के गहने बरामद
पुलिस ने बदमाशों के पास से चोरी किए गए गहनों की बरामदगी भी कर ली है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त की गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या वह पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल थे।
(रिपोर्ट- अशोक मिश्रा)
यह भी पढ़ें-
हाई-फाई चोर! कार से आए बदमाशों ने चुराए थार के टायर, ईंट लगाकर हुए फरार
