
1 फरवरी 2026 यानी रविवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का आम बजट 2026-27 पेश करेंगी। इस खास मौके पर रविवार होने के बावजूद घरेलू शेयर बाजार खुला रहेगा। लेकिन क्या कमोडिटी मार्केट भी ओपन रहेगा? तो इसका जवाब है- हां। देश के प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज और कमोडिटी एक्सचेंज विशेष ट्रेडिंग सेशन के साथ खुले रहेंगे, ताकि निवेशक बजट घोषणाओं पर तुरंत रिएक्ट कर सकें। इक्विटी बाजार, यानी एनएसई और बीएसई दोनों रविवार को नियमित ट्रेडिंग घंटों में खुले रहेंगे। अपने तय समय यानी प्री-ओपन सेशन सुबह 9:00 बजे से 9:08 बजे तक और सामान्य ट्रेडिंग सुबह 9:15 बजे से शाम 3:30 बजे तक होगी।
स्वतंत्र भारत के इतिहास में दूसरी बार
यह स्वतंत्र भारत के इतिहास में दूसरी बार होगा जब शेयर बाजार रविवार को खुलेगा। पिछली बार ऐसा 28 फरवरी 1999 को अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान हुआ था। कमोडिटी बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) और नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडेक्स) भी इस गैर-कार्य दिवस पर लाइव ट्रेडिंग की परमिशन देंगे।
MCX ट्रेडिंग टाइमिंग (1 फरवरी 2026)
प्री-ओपन सेशन: सुबह 8:45 बजे से 8:59 बजे तक
नॉर्मल ट्रेडिंग: सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
क्लाइंट कोड मॉडिफिकेशन: सुबह 9:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक
NCDEX ट्रेडिंग टाइमिंग (1 फरवरी 2026)
प्री-ओपन सेशन: सुबह 9:45 बजे से
नॉर्मल ट्रेडिंग: सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
क्लाइंट कोड मॉडिफिकेशन: सुबह 10:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक
बजट पेश करने का समय और फोकस
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपना नौवां लगातार केंद्रीय बजट सुबह 11 बजे लोकसभा में पेश करेंगी। बाजार विशेषज्ञों की नजर इस बार डबल डिजिट कैपेक्स ग्रोथ, इंफ्रास्ट्रक्चर, ग्रीन एनर्जी, डिफेंस और टैक्स राहत जैसे क्षेत्रों पर टिकी है।
बजट दिवस पर बाजार का ऐतिहासिक प्रदर्शन
पिछले 15 वर्षों के आंकड़ों से पता चलता है कि बजट के दिन निफ्टी का औसत मूवमेंट महज 0.19% रहा है। वहीं, बजट के बाद वाले सप्ताह में रिटर्न औसतन इससे लगभग 7 गुना ज्यादा (करीब 1.3%) देखने को मिले हैं। यानी बजट दिवस पर अक्सर बाजार सतर्क रहता है, लेकिन असली मूवमेंट बाद में आता है।
2026 में ट्रेडिंग छुट्टियां
स्टॉक्स एक्सचेंजों के कैलेंडर के मुताबिक, 2026 में कुल 15 पूर्ण ट्रेडिंग छुट्टियां होंगी। वीकेंड पर पड़ने वाली छुट्टियों और साल के आखिर में मुहूर्त ट्रेडिंग का भी अलग से उल्लेख है। यह रविवार वाला बजट और बाजार खुलना निवेशकों के लिए एक अनोखा अवसर है, जहां वे लाइव ट्रेडिंग के दौरान ही घोषणाओं का असर देख और प्रतिक्रिया दे सकेंगे।
