नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस छोड़ी, कहा- “यहां कोई आशाजनक नेता नजर नहीं आता”, प्रदेश अध्यक्ष पर भी निकाली भड़ास


Navjot Kaur Sidhu- India TV Hindi
Image Source : NAVJOT KAUR SIDHU/X
नवजोत कौर सिद्धू

अमृतसर: पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस छोड़ दी है। अपने एक्स हैंडल पर शनिवार (31 जनवरी) को पोस्ट करके उन्होंने इस बात की जानकारी दी है। इस दौरान उन्होंने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग पर भड़ास निकाली और उन्हें अब तक का सबसे घिनौना, अक्षम और भ्रष्ट अध्यक्ष बताया।

नवजोत कौर सिद्धू ने और क्या कहा?

राजा वारिंग को घेरते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, “आपने मुख्यमंत्री के साथ मिलकर कांग्रेस को बर्बाद करके खुद को जेल जाने से बचा लिया। आपने AAP के साथ मिलीभगत करके छोटे-मोटे फायदे के लिए पार्टी बेच दी। मेरे लिए तो आपके पास निलंबन पत्र तैयार था, लेकिन उन लगभग 12 वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं का क्या जो नवजोत को नुकसान पहुंचाने के लिए मजीठिया के साथ काम कर रहे थे? और आपने नवजोत को हराने के लिए उन सभी को बड़े-बड़े पद देकर पुरस्कृत किया। मेरे पास आपको बेनकाब करने के पर्याप्त सबूत हैं, लेकिन मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है क्योंकि मैंने खुद कांग्रेस छोड़ दी है, जहां कोई भी होनहार नेता नजर नहीं आता।”

राजा वारिंग पर निशाना साधते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, “आपने मेरी सीट पर लोगों को जानबूझकर बिठाया ताकि वे मुझे हरा सकें। आशु, चन्नी, भट्टल जी, डॉ. गांधी जी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ आपकी कार्रवाई कहां है जिन्होंने खुलेआम आपको और आपकी पार्टी को चुनौती दी है? आप हंसी का पात्र बन गए हैं और लोग आपके वीडियो का आनंद ले रहे हैं। नवजोत से प्रेम करने वाले कांग्रेसी नेताओं का अपमान करना बंद करें। आप पार्टी को जिताने के बजाय उसे बर्बाद करने में ज्यादा व्यस्त हैं। अपनी मातृ पार्टी के प्रति ईमानदार न होने पर आपको शर्म आनी चाहिए। आपने काफी नुकसान कर दिया है।”

मैं वाहेगुरु जी के प्रति जवाबदेह: नवजोत कौर सिद्धू

नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, “मैं शायद उन गिने-चुने लोगों में से एक हूं जो किसी भी भाजपा, आम आदमी पार्टी या किसी अन्य पार्टी के नेता से राजनीतिक कारणों से नहीं मिली हूं और न ही किसी पार्टी के किसी नेता ने मुझसे संपर्क किया है। मैं अपने व्यक्तिगत दृष्टिकोण और अंतरात्मा के आधार पर बात कर रही हूं क्योंकि मैं वाहेगुरु जी के प्रति जवाबदेह हूं, किसी और के प्रति नहीं। मैं केवल पंजाब के लोगों की सेवा करना चाहती हूं, जो मैं एक गैर सरकारी संगठन बनाकर कर सकती हूं और गुरु ग्रंथ साहिब जी के उपदेशों को समझकर और जीवित, ज्ञानी संतों की संगति में रहकर अपनी आत्मा के विकास के लिए काम कर सकती हूं, ताकि मैं निस्वार्थ सेवा और आत्मा के विकास के बारे में कुछ सीख सकूं। हालही में भगवत गीता के उपदेशों के साथ तीन दिनों का अद्भुत आनंदमय समय बिताया और प्रेमानंद महाराज जी जैसे ज्ञानी संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया, जिन्होंने कई आत्माओं के विकास में सहायता की है।”





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *