जब धोनी बने चैंपियन, तब से खेल रहा ये खिलाड़ी, अब इतने सालों बाद T20 वर्ल्ड कप में दिखाएगा दम


T20 World Cup 2026- India TV Hindi
Image Source : AFP
एमएस धोनी और ब्रेंडन टेलर

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होने जा रही है। जैसे-जैसे टूर्नामेंट करीब आ रहा है, वैसे-वैसे कई दिलचस्प कहानियां सामने आ रही हैं। इन्हीं में से एक कहानी उन खिलाड़ियों की है, जिन्होंने 2009 के T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था और अब 17 साल बाद 2026 संस्करण में भी खेलते नजर आएंगे। इस खास सूची में आयरलैंड और इंग्लैंड के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, एक खिलाड़ी ऐसा है, जो पहले किसी और टीम से वर्ल्ड कप में खेला था और इस बार किसी दूसरी टीम के लिए T20 वर्ल्ड कप में खेलते नजर आएंगे। यही नहीं, एक बल्लेबाज तो ऐसा है, जो 2007 में खेले गए पहले T20 वर्ल्ड कप में खेलता नजर आया था और अब T20 वर्ल्ड कप 2026 में भी शिरकत करेगा। यानी धोनी जब 2007 में पहली बार चैंपियन बने थे, तब से यह खिलाड़ी वर्ल्ड कप खेलता चला आ रहा है और अब एक बार फिर टूर्नामेंट खेलेगा।

पॉल स्टर्लिंग

आयरलैंड के दिग्गज बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग हाल ही में T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त किया। उन्होंने 2009 में अपने करियर की शुरुआत की थी और तब से लेकर अब तक आयरिश क्रिकेट की रीढ़ बने हुए हैं। पॉल स्टर्लिंग 2009 में खेले गए T20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के स्क्वॉड का हिस्सा थे। अब एक बार फिर वह 2026 वर्ल्ड कप में अपने बल्ले का दम दिखाने के लिए तैयार हैं। इस बार आयरलैंड की टीम की कमान भी उनके हाथों में हैं।

आदिल राशिद

आदिल राशिद भी उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने 2009 का T20 वर्ल्ड कप खेला था और अब 2026 में भी इंग्लैंड की ओर से मैदान में उतरेंगे। अपनी लेग स्पिन से बड़े-बड़े बल्लेबाजों को छकाने वाले राशिद पिछले डेढ़ दशक से इंग्लिश टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। इस बार वह अपनी फिरकी से भारत और श्रीलंका की धरती पर विपक्षी बल्लेबाजों को छकाने की फिराक में होंगे।

रूलोफ वैन डेर मर्वे : बदली टीम, लेकिन वही जज्बा

रूलोफ वैन डेर मर्वे की कहानी सबसे दिलचस्प है। 2009 और 2010 के T20 वर्ल्ड कप में उन्होंने साउथ अफ्रीका का प्रतिनिधित्व किया था, जबकि 2026 में वह नीदरलैंड की जर्सी में खेलते दिखाई देंगे।  अनुभव और ऑलराउंड क्षमता के दम पर वान डर मर्वे आज भी अपनी उपयोगिता साबित कर रहे हैं। रूलोफ उन 5 खिलाड़ियों में शुमार हैं, जिनके नाम 2 टीमों की ओर से खेलते हुए T20 वर्ल्ड कप खेलने का अनोखा कारनामा दर्ज है। 

ब्रेंडन टेलर

इसके अलावा, जिम्बाब्वे के 40 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पहला T20 वर्ल्ड कप 2007 खेला था और अब 2026 संस्करण में भी खेलते नजर आएंगे। इस तरह वह एक नया इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं। टेलर 5वीं बार जिम्बाब्वे के लिए T20 वर्ल्ड कप खेलते नजर आएंगे। इससे पहले वह 2007, 2010, 2012 और 2014 के T20 वर्ल्ड कप में शिरकत कर चुके हैं। ब्रेंडन टेलर ने 2006 में T20I डेब्यू किया था और तब से वह 58 मैचों में 1185 रन बना चुके हैं। उनके बल्ले से T20I फॉर्मेट में 1 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं।

यह भी पढ़ें:

क्रिकेट जगत में शोक, पूर्व क्रिकेटर का 67 साल की उम्र में निधन, टेस्ट डेब्यू के लिए शादी तक टाल दी थी

तो इसलिए T20 वर्ल्ड कप छोड़ने का फैसला किया, पैट कमिंस का बड़ा खुलासा, IPL को लेकर दिया बड़ा अपडेट

Latest Cricket News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *