
Nigeria Road Accident (Representational Image)
Nigeria Road Accident: उत्तरी नाइजीरिया के कानो राज्य में भयानक सड़क हादसा हुआ है। सड़क हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण यात्रियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना कानो के गेजावा लोकल गवर्नमेंट एरिया के क्वानार बार्डे शहर में हुई है।
लापरवाही की वजह से हुआ हादसा
कानो गवर्नर के कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, ट्र्क कानो के गुजुंगु शहर की ओर यात्रियों और सामान को लेकर जा रहा था। वाहन हाईवे पर तेज गति से चल रहा था, तभी ड्राइवर का नियंत्रण खो गया और ट्रक बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय मीडिया और सरकारी ने इसे लापरवाही भरी ड्राइविंग का नतीजा बताया है।
कई घायलों की हालत गंभीर
कानो राज्य के गवर्नर अब्बा कबीर यूसुफ के प्रवक्ता सुनुसी बटुरे डावाकिन टोफा ने बयान जारी कर इस घटना की पुष्टि की है। बयान में कहा गया कि मृतकों की संख्या 30 से अधिक है, जबकि घायलों की संख्या भी काफी है। कई घायल गंभीर हालत में हैं और उन्हें कानो के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गवर्नर ने घायलों के इलाज के लिए तत्काल निर्देश दिए हैं।
गवर्नर ने हादसे को बताया त्रासदी
गवर्नर अब्बा कबीर यूसुफ ने इस हादसे को दिलदहला देने वाला बताते हुए त्रासदी कहा है। गवर्नर ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही उन्होंने राज्य के लोगों से ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील भी की। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों, खासकर हैवी वाहनों के ड्राइवरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सड़क हादसों में हजारों लोगों की होती है मौत
नाइजीरिया अफ्रीका का सबसे अधिक आबादी वाला देश है। यहां हर साल हजारों लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवाते हैं। खराब सड़कें, वाहनों की खस्ता हालत, ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार से गाड़ी चलाना और ट्रैफिक कानूनों का पालन ना होने की वजह से हादसे होते हैं। कई ट्रक और ट्रेलर अनधिकृत रूप से यात्रियों को ढोते हैं, जो सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। यह कोई पहली घटना नहीं है। हाल ही में एक हादसे में ब्रिटिश हेवीवेट बॉक्सर एंथनी जोशुआ घायल हो गए थे, जबकि उनके 2 करीबी सहयोगियों की मौत हो गई थी। उस समय उनके ड्राइवर ने लागोस-इबादान एक्सप्रेसवे पर एक खड़े ट्रक में टक्कर मार दी थी। ड्राइवर पर खतरनाक ड्राइविंग का आरोप लगा था।
यह भी पढ़ें:
Epstein Files की फांस में फंसे धर्मगुरु दलाई लामा, 169 बार आया नाम; हड़कंप मचने पर दी ये सफाई
