
महा शिवरात्रि 2026
Maha Shivaratri 2026 Date Live Updates: महा शिवरात्रि की तारीख को लेकर काफी कन्फ्यूजन बना हुआ है। कोई 15 फरवरी तो कोई 16 फरवरी को शिवरात्रि पर्व मनाए जाने की बात कह रहा है। ये कन्फ्यूजन इसलिए हो रहा है क्योंकि अधिकतर पर्व उदया तिथि के हिसाब से ही मनाए जाते हैं। लेकिन आपको बता दें महा शिवरात्रि पर्व पर ये बात लागू नहीं होती क्योंकि इस पर्व में रात्रि की पूजा का महत्व होता है। ऐसे में जिस दिन शिवरात्रि की चतुर्दशी तिथि रात के समय मौजूद होती है उसी दिन शिवरात्रि पर्व मनाना ज्यादा उचित माना जाता है। चलिए जानते हैं इस हिसाब से 15 या 16 फरवरी किस दिन मनाई जाएगी महाशिवरात्रि।
महा शिवरात्रि 2026 तारीख (Maha Shivratri 2026 Date)
पंचांग अनुसार महा शिवरात्रि की पावन तिथि 15 फरवरी 2026 की शाम 05:04 बजे से शुरू होकर 16 फरवरी 2026 की शाम 05:34 बजे तक रहेगी। चूंकि 15 फरवरी 2026 की रात में चतुर्दशी तिथि मौजूद रहेगी इसलिए महा शिवरात्रि का पावन पर्व 15 फरवरी 2026, रविवार को मनाया जाएगा।
महा शिवरात्रि 2026 पूजा मुहूर्त (Maha Shivratri 2026 Puja Muhurat)
महा शिवरात्रि की पूजा का सबसे शुभ मुहूर्त 15 फरवरी 2026 की देर रात 12 बजकर 9 मिनट से रात 1 बजकर 1 मिनट तक रहेगा। ये निशिता काल है जो शिवरात्रि पूजन के लिए सबसे शुभ समय माना जाता है। इसके अलावा कई लोग रात्रि के चारों प्रहर में शिव पूजा करते है इसलिए आगे हम आपको बताएंगे चार प्रहर की पूजा का सही समय।
महा शिवरात्रि 2026 चार प्रहर पूजा मुहूर्त (Maha Shivratri 2026 Char Prahar Puja Time)
| रात्रि प्रथम प्रहर पूजा समय | 06:11 पी एम से 09:23 पी एम |
| रात्रि द्वितीय प्रहर पूजा समय | 09:23 पी एम से 12:35 ए एम, फरवरी 16 |
| रात्रि तृतीय प्रहर पूजा समय | 12:35 ए एम से 03:47 ए एम, फरवरी 16 |
| रात्रि चतुर्थ प्रहर पूजा समय | 03:47 ए एम से 06:59 ए एम, फरवरी 16 |
महा शिवरात्रि व्रत कब से कब तक रखा जाएगा (Maha Shivratri Vrat 2026 Date And Time)
महा शिवरात्रि का व्रत 15 फरवरी 2026 को रखा जाएगा। व्रत का आरंभ 15 फरवरी के सूर्योदय के साथ होगा और समापन अगले दिन यानी 16 फरवरी 2026 के सूर्योदय के बाद होगा। शिवरात्रि व्रत पारण का समय 16 फरवरी की सुबह 06:59 से दोपहर 03:24 बजे तक रहेगा।
महा शिवरात्रि पूजा सामग्री लिस्ट (Maha Shivratri Puja Samagri List)
बेलपत्र, अक्षत, गाय का दूध, पान के पत्ते, सुपारी, जनेऊ, चावल, शक्कर, सफेद बूरा, शहद, इलाइची, लौंग, गंगाजल, मदार के फूल, धतूरा, भांग, सफेद फूल, पांच प्रकार के मौसमी फल, फूल, माला, शमी के पत्ते, केसर, इत्र, सफेद चंदन, गन्ने का रस, मिठाई या चूरमा का भोग।
महाशिवरात्रि 2026 पूजा विधि (Maha Shivratri 2026 Puja Vidhi)
- महा शिवरात्रि के दिन सुबह जल्दी उठकर व्रत का संकल्प लें।
- पूजा के लिए एक चौकी की स्थापना करें और उस पर पीला या लाल रंग का साफ कपड़ा बिछाएं।
- फिर इस चौकी पर थोड़े चावल रखें और भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित करें।
- एक मिट्टी या तांबे का कलश लेकर उस पर स्वास्तिक बनाएं और उसमें थोड़ा गंगाजल और शुद्ध जल मिला लें। साथ ही इसमें सुपारी, सिक्का और हल्दी की गांठ डालें।
- शिव जी के समक्ष गाय के घी का दीपक जलाएं और साथ ही एक छोटा शिवलिंग स्थापित करें। अगर घर में शिवलिंग नहीं है तो मिट्टी से इसे तैयार कर लें।
- शिवलिंग का जल, दूध या पंचामृत से अभिषेक करें। मन ही मन ओम नम: शिवाय मंत्र का जाप करते रहें।
- इसके बाद शिवलिंग को साफ कपड़े से पोंछकर उस पर बेलपत्र, धतूरा, भांग, शमी के फूल और फल-फूल आदि चढ़ाएं।
- फिर महा शिवरात्री की कथा पढ़ें और कपूर से भगवान शिव की आरती करें।
- इसके बाद मिठाई, खीर और फल का भोग लगाएं। पूजा संपन्न होने के बाद सभी में प्रसाद बांट दें।
यह भी पढ़ें: Maha Shivratri 2026: महाशिवरात्रि की पूजा में ये फूल जरूर करें शामिल, भगवान शिव को हैं अति प्रिय
