
तारिक रहमान, बीएनपी के चेयरमैन।
ढाकाः बांग्लादेश नेशलनिस्ट पार्टी (बीएनपी) के चेयरमैन तारिक रहमान ने शनिवार को पहली प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने भारत-बांग्लादेश के बीच संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल का एक लाइन में जवाब दिया। तारिक रहमान से एक पत्रकार ने पूछा कि आप भारत और बांग्लादेश के संबंधों को आगे किस तरह बढ़ाना चाहेंगे। इसका उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया। इस सवाल पर तारिक ने कहा कि हमारे लिए बांग्लादेश और बांग्लादेश के लोग प्रथम हैं। इसलिए बांग्लादेश और उसके लोगों के लिए जो बेहतर होगा। उसी अनुसार हमारी विदेश नीति तय होगी।
एक अन्य पत्रकार ने पूछा कि वह भारत-पाकिस्तान और चीन के बीच संबंधों में किस तरह संतुलन बनाएंगे…इस सवाल से भी तारिक बचते हुए नजर आए। उन्होंने यह कहकर सवाल का जवाब टाल दिया कि इसका उत्तर पहले ही दिया जा चुका है।
गुड गवर्नेंस देना हमारी प्राथमिकता
तारिक रहमान ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि बांग्लादेश की आर्थिक स्थिति और कानून व्यवस्था हमारे लिए चुनौती है। हम इसे बेहतर करने की कोशिश करेंगे। हमारा प्रयास गुड गवर्नेंस देना होगा। चीन के साथ संबंधों पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि चीन पहले से ही बांग्लादेश में कई विकास योजनाओं में शामिल है। हमें उम्मीद है कि हम आगे मिलकर इस दिशा में और बेहतर काम करेंगे।
शेख हसीना के प्रत्यर्पण पर क्या बोले तारिक
एक पत्रकार ने सवाल पूछा कि बांग्लादेश में 2024 में आंदोलन करने वाले लोगों की लगातार ये मांग है कि शेख हसीना को फांसी दी जाए जो फिलहाल भारत में हैं। क्या आप भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग करेंगे। इस पर तारिक रहमान ने बहुत छोटा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह लीग प्रोसेज पर डिपेंड करेगा।
