
चलती ट्रेन में टीटीई ने एक युवती से रेप किया
गोरखपुर: अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में TTE ने बिना टिकट यात्रा कर रही एक एनसीसी कैडेट युवती के साथ रेप किया। युवती परीक्षा देने मऊ गई थी। लौटते समय भीड़ ज्यादा होने के कारण टिकट नहीं ले सकी। वह एसी कोच में खड़ी हो गई, जहां टीटीई सीट दिलाने के बहाने उसे केबिन में ले गया।
इसके बाद उसने जबरदस्ती युवती के साथ रेप किया। एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए टीम लगा दी गई है। पकड़े जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
घटना रविवार की है। जब युवती परीक्षा देकर मऊ से अहमदाबाद-एक्सप्रेस ट्रेन से गोरखपुर आ रही थी। भीड़ काफी होने से टिकट नहीं ले पाई और एसी फर्स्ट कोच ट्रेन में चढ़ गई। उसने पहले TTE से टिकट बनाने के लिए बात की, जिससे सीट मिल जाए। TTE ने टिकट बनाने और सीट देने के बहाने केबिन में बुलाया। पहले युवती के बारे पूछताछ की, फिर केबिन बंद कर अश्लील हरकत करने लगा। विरोध करने पर धमकी दी और फिर युवती के साथ रेप किया। युवती के साथ घटना इंदारा व देवरिया के बीच हुई। युवती ने इसकी सूचना 112 पर दी तो TTE देवरिया में ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।
जीआरपी पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने तहरीर दी है। पीड़िता ने बताया कि वह मऊ जिले की रहने वाली है। वह गोरखपुर में किराए पर रहकर भर्ती की तैयारी कर रही है। वह एनसीसी का ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा देने मऊ गई थी। परीक्षा के बाद जब वह लौट रही थी, तब स्टेशन पर ज्यादा भीड़ और जल्दबाजी के कारण वह टिकट नहीं ले सकी।
ट्रेन में चढ़ने के बाद वह एसी कोच में खड़ी थी। इसी दौरान टीटीई राहुल कुमार ने उससे पूछताछ की। टीटीई ने पहले उसका नाम-पता और परीक्षा से जुड़ी जानकारी पूछी। उसने सोचा कि वह एनसीसी कैडेट है और गोरखपुर में तैयारी कर रही है तो बिना टिकट होने पर नियम के अनुसार उससे जुर्माना लेकर सीट दे दी जाएगी, लेकिन आरोप है कि टीटीई ने उसे सीट दिलाने का भरोसा दिया और एसी प्रथम श्रेणी के कोच में अपने केबिन में ले गया।
युवती का आरोप है कि केबिन में बैठाने के बाद टीटीई ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पहले सामान्य बातचीत की, लेकिन कुछ ही देर में उसका व्यवहार बदल गया। फिर TTE ने युवती के साथ रेप किया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने बिना टिकट यात्रा का मामला बनाकर कार्रवाई करने की धमकी दी। पीड़िता ने शोर मचाया और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। जैसे ही मामला सामने आया, आरोपी टीटीई देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।
GRP एसपी ने दी ये जानकारी
एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामला बाद में देवरिया ट्रांसफर कर दिया गया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। पकड़े जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट: गोरखपुर से राज श्रीवास्तव)
