
इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026
India AI Impact Summit 2026 Live: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन करेंगे। आज इस शिखर सम्मेलन के औपचारिक उद्घाटन के बाद पीएम मोदी का संबोधन होगा। एआई को लेकर भारत की क्या रणनीति है और इसके माध्यम से ग्लोबल साउथ को किस तरह लाभान्वित किया जा सकेगा, इसके बारे में पीएम मोदी ग्लोबल लीडर्स के बीच अपना संबोधन देंगे। इसके अलावा पीएम एआई इंपैक्ट एक्सपो का दौरा करेंगे और इस शिखर सम्मेलन में आज पूरे दिन विश्व के अन्य शीर्ष नेतागण भी उनके साथ रहेंगे।
समिट में 100 से ज्यादा सरकारी प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं जिनमें 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष, शासन-प्रमुख और करीब 60 मंत्री के अलावा उप-मंत्री शामिल हैं। इनके अलावा दुनियाभर के 500 से अधिक एआई दिग्गज, करीब 100 सीईओ व संस्थापक, 150 शिक्षाविद के अलावा शोधकर्ता और 400 मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ), उपाध्यक्ष और फिलॉन्थ्रॉफी कार्य करने वाले व्यक्ति शामिल हो रहे हैं।
बुधवार को पूरा दिन पीएम मोदी मेहमानों से मुलाकात और उनके स्वागत में व्यस्त थे वहीं भारत मंडपम में लाखों लोग आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की इस अदभुत दुनिया को देख रहे थे। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में जारी एआई इम्पैक्ट समिट में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा सहित विश्व के नेताओं का स्वागत किया।
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम, क्रोएशियाई प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेनकोविक, सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक, सेशेल्स के उप-राष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्लई, एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार कारिस और फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो, यूनान के प्रधानमंत्री क्यारियाकोस मित्सोटाकिस और गुयाना के उप-राष्ट्रपति भरत जगदेवउन नेताओं में शामिल थे जिनका बुधवार को पीएम मोदी ने भव्य रूप से सजाये गए भारत मंडपम में स्वागत किया।
