जेल से निकलकर खूब झूमे राजपाल यादव, भतीजी की शादी में लेडीज संग किया जमकर किया लुंगी डांस, बांध दिया समा


rajpal yadav- India TV Hindi
Image Source : AMANYADAV_3333/INSTAGRAM
शादी में डांस करते राजपाल यादव।

बॉलीवुड के चहेते अभिनेता राजपाल यादव के लिए यह हफ्ता भावनाओं के उतार-चढ़ाव से भरा रहा। चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में रहने के बाद मंगलवार को मिली रिहाई उनके लिए एक बड़ी राहत बनकर आई। जेल की सलाखों से बाहर निकलते ही अभिनेता सीधे अपने परिवार के बीच पहुंचे, जहां उनकी भतीजी की शादी का जश्न चल रहा था। 19 फरवरी गुरुवार को संपन्न हुई इस शादी में शामिल होने के लिए राजपाल ने विशेष रूप से कोर्ट से जमानत की गुहार लगाई थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। अब इस शादी समारोह से अभिनेता का एक बेहद प्यारा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने उनके प्रशंसकों का दिल जीत लिया है।

राजपाल ने किया धमाकेदार डांस

शादी के जश्न से सामने आए इस वीडियो में राजपाल यादव पारंपरिक गोल्डन रंग के धोती-कुर्ते में सजे-धजे नजर आ रहे हैं। वह अपनी पूरी ऊर्जा और चिर-परिचित अंदाज में सलमान खान की फिल्म ‘हेलो ब्रदर’ के सुपरहिट गाने ‘तेरी चुनरिया’ पर थिरकते दिख रहे हैं। अपने परिवार के साथ डांस करते हुए राजपाल के चेहरे पर भतीजी की शादी की जो खुशी और सुकून है, उसे देखकर उनके फैंस काफी भावुक हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को साझा कर रहे हैं और अभिनेता की वापसी का स्वागत कर रहे हैं।

यहां देखें वीडियो

राजपाल ने दिया था बयान

जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने मीडिया से बेहद संजीदगी के साथ बात की। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने 30 साल के लंबे सफर को याद करते हुए कहा कि देश की जनता और प्रशंसकों के प्यार की वजह से ही वह आज 250 से अधिक फिल्में कर पाए हैं। उन्होंने अपनी कानूनी लड़ाई पर बात करते हुए कहा, ‘यह किस्सा 2012-13 से शुरू हुआ था, लेकिन मैंने हमेशा कानून का सम्मान किया है। जब भी कोर्ट ने मुझे याद किया, मैं हाजिर रहा और भविष्य में भी अदालत के हर आदेश का पालन करूंगा।’ उन्होंने उन बच्चों, बुजुर्गों और नौजवानों को अपने ‘कलेजे का टुकड़ा’ बताया जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया।

क्या है मामला?

कानूनी पक्ष की बात करें तो दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की पीठ ने राजपाल यादव की सजा पर 18 मार्च तक के लिए अंतरिम रोक लगा दी है। कोर्ट ने यह राहत तब दी जब उन्हें सूचित किया गया कि शिकायतकर्ता कंपनी (मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स) के बैंक खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा कर दिए गए हैं। फिलहाल राजपाल यादव 18 मार्च तक हिरासत से बाहर रहेंगे और इसी दिन मामले की अगली सुनवाई होगी। प्रशंसकों के लिए यह बड़ी राहत है कि उनका पसंदीदा कॉमेडियन अब एक बार फिर अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहा है।

ये भी पढ़ें: Toxic Teaser: बर्फबारी के बीच शराब पीते हुए यश ने दिखाई खूनी खेल की झलक, बताया कब और कितने बजे आएगा टीजर

2023 की ब्लॉकबस्टर के सीक्वल को मिली सेंसर की हरी झंडी, अब रिलीज से पहले विरोध में CM पिनाराई विजयन

Latest Bollywood News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *