
कानपुर पुलिस पर वायुसेना जवान को बेरहमी से पीटने का आरोप
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से पुलिस की बर्बरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घाटमपुर थाना क्षेत्र में भारतीय वायुसेना (IAF) के एक जवान को पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। मारपीट इतनी गंभीर थी कि जवान के बाएं कान का पर्दा फट गया और वह पिछले तीन दिनों से एयरफोर्स अस्पताल में भर्ती हैं। इस मामले में पीड़ित की मां ने डीसीपी साउथ कार्यालय पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, देवमनपुर गांव के निवासी नितीश सचान भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं। घटना 19 फरवरी की रात की है। नितीश नौरंगा गांव में एक परिचित के भाई की शादी से लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे जब वह मूसानगर रोड स्थित एक गेस्टहाउस के पास पैदल जा रहे थे, तभी घाटमपुर थाने की गश्ती टीम ने उन्हें रोक लिया।
“फौजी तो चोर होते हैं…”
पीड़ित की मां रेखा सचान ने डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी को दी गई लिखित शिकायत में बताया कि पुलिसकर्मियों ने बिना किसी वजह के नितीश से पूछताछ की और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब नितीश ने अपना परिचय एक फौजी के रूप में दिया, तो आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने अमर्यादित टिप्पणी करते हुए कहा- “फौजी तो चोर होते हैं।”
जब जवान ने इस अपमान का विरोध किया और घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो पुलिस ने उनका मोबाइल छीन लिया और उन्हें जबरन गाड़ी में डालकर थाने ले गए। परिजनों का आरोप है कि थाने के भीतर हवालात में बंद कर नितीश को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनके बाएं कान में गंभीर चोट आई और कान का पर्दा फट जाना बताया जा रहा है।
शांति भंग का मामला दर्ज कर छोड़ा
पुलिस ने बाद में उन्हें घाटमपुर सीएचसी ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया, लेकिन आगे के इलाज के लिए रेफर करने के बावजूद परिजनों का आरोप है कि उन्हें अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। शांति भंग के नाम पर मामला दर्ज कर जवान को छोड़ दिया गया। परिजनों ने तत्काल नितीश को कानपुर के सेवेन एयर फोर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच में कान के पर्दे के फटने का दावा किया जा रहा है। डॉक्टरों ने इसे गंभीर चोट बताते हुए पीड़ित को कई दिनों की भर्ती और आराम की सलाह दी है।
शिकायत मिलने पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एडीसीपी योगेश कुमार को जांच सौंपी है। डीसीपी ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून सबके एक लिए बराबर है और किसी भी व्यक्ति, विशेषकर सेना के जवान के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल, घटना के बाद स्थानीय स्तर पर लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें-
जाम में फंसी दुल्हन, कार से उतर अनजान शख्स की एक्टिवा पर पहुंची वेडिंग वेन्यू; VIDEO वायरल
