
कुत्ते के चाटने से सेप्सिस
पिछले कुछ सालों में कुत्ते पालने का चलन सा बन गया है। ज्यादातर घरों में आपको कोई न कोई पेट मिल जाएगा। कुत्तों को खासतौर से इंसान का सबसे बफादार जानवर माना जाता है। जिन लोगों के घर में पालतू जानवर होते हैं वो उनके साथ खेलते हैं, उन्हें प्यार करते है और कई बार कुत्ते इंसानों को चाटकर अपना प्यार जताते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुत्ते का प्यार से चाटना आपके लिए जानलेवा साबित हो सकता है। जी हां हाल ही में ब्रिटेन की एक 52 साल की महिला मनजीत संघा के साथ एक ऐसी घटना घटी है जो न सिर्फ दर्दनाक है बल्कि लोगों को जागरुक करने वाली भी है। मनजीत संघा को कुत्ते के चाटने से सेप्सिस इंफेक्शन हुआ जिसकी वजह से घुटनों के नीचे से उनके दोनों पैर और दोनों हाथ काटने पड़े।
कुत्ते के चाटने से सेप्सिस, काटने पड़े महिला के हाथ पैर
जुलाई 2025 में एक दिन मनजीत संघा काम से घर लौटीं और उन्हें थोड़ा अस्वस्थ महसूस हुआ। अगले दिन उन्हें स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वो बेहोश हो गईं। हाथ-पैर ठंडे पड़ गए और होंठ नीले हो गए। सांस लेने में तकलीफ होने लगी तो अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें सेप्सिस हुआ है। सेप्सिस ऐसी खतरनाक स्थिति है जिसमें इंफेक्शन रिस्पॉन्स ही शरीर को नुकसान पहुंचाने लगता है। इलाज के दौरान महिला को 6 बार कार्डियक अरेस्ट आया और कई मुश्किलें आईं। इंफेक्शन को रोकने के लिए महिला के दोनों हाथ और पैर काटने पड़े। डॉक्टर्स ने बताया कि उनके शरीर पर चोट या खरोंट को पालतू कुत्ते के चाटने से ये इंफेक्शन हुआ। कुत्तों की लार में कैपनोसाइटोफेगा कैनिमोरसस बैक्टीरिया होता है जो इंसानों में गंभीर संक्रमण और सेप्सिस का कारण बन सकता है।
सेप्सिस क्या है? (What is sepsis)
सेप्सिस एक जानलेवा स्थिति है। इस संक्रमण में शरीर का इम्यून सिस्टम किसी इंफेक्शन के खिलाफ बहुत ज्यादा प्रतिक्रिया करता है। जिससे पूरे शरीर में सूजन आने लगती है। इससे हेल्दी टिश्यू और अंगों भी डैमेज होते हैं। गंभीर मामलों में यह सेप्टिक शॉक में भी बदल सकता है, जिसमें अचानक ब्लड प्रेशर लो हो जाता है और शरीर को सही मात्रा में ऑक्सीजन नहीं मिलता। इससे मल्टी-ऑर्गन फेल्योर का खतरा बढ़ जाता है।
सेप्सिस के लक्षण (Symptoms of Sepsis)
- तेज बुखार या बहुत कम शरीर का तापमान
- तेज धड़कन
- सांस लेने में तेजी या दिक्कत
- बहुत कम पेशाब आना
- बहुत ज्यादा थकान
- त्वचा पर लाल या गहरे धब्बे
- लो ब्लड प्रेशर
- ठंड लगना या कांपना
- तेज दर्द या बेचैनी
सेप्सिस के कारण (Causes of Sepsis)
शरीर में कोई भी इंफेक्शन सेप्सिस का कारण बन सकता है। इसमें खासतौर से नीचे दिए गए इंफेक्शन खतरनाक हो सकते हैं। ज्यादातर मामलों में बैक्टीरियल संक्रमण कारण होता है, लेकिन वायरस, फंगस या परजीवी भी इसे ट्रिगर कर सकते हैं।
- फेफड़ों का संक्रमण (निमोनिया)
- यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन
- पेट या आंत का संक्रमण
- त्वचा का संक्रमण
- दिमाग या रीढ़ की हड्डी का संक्रमण
क्या सावधानी बरतें?
- अगर त्वचा पर कट या खरोंच है, तो पालतू जानवर को उस जगह चाटने न दें।
- किसी भी छोटे घाव को तुरंत साफ और कवर करें।
- बुखार, ठंड लगना या अचानक कमजोरी को नजरअंदाज न करें।
- पालतू जानवरों के साथ स्वच्छता का ध्यान रखें।
