
अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर सैन्य हमले किए।
ईरान पर अमेरिका और इजरायल ने मिलकर बड़े पैमाने पर सैन्य हमले किए। अमेरिका ने इस अभियान को ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ नाम दिया है, तो वहीं इजरायल ने इसे ‘लायन्स रोर’ नाम दिया है। इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई मारे गए। उनके साथ उनके परिवार के कई और लोग भी मारे गए। वहीं, कई ईरानी सैन्य कमांडर भी मारे गए। इन हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में स्थिति अचानक बिगड़ गई है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
जवाबी कार्रवाई में ईरान मिडिल ईस्ट के कई देशों पर मिसाइलें गिरा रहा है। इजरायल के अलावा ईरान ने सुऊदी अरब, कतर, बहरीन, जॉर्डन, कुवैत, इराक और संयुक्त अरब अमीरात (आबू धाबी, दुबई) में मिसाइलें दागी हैं। मध्य-पूर्व में जारी यह सैन्य टकराव व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष का रूप ले सकता है। वैश्विक तेल आपूर्ति, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्ग और कूटनीतिक समीकरणों पर इसका गहरा प्रभाव पड़ सकता है।
मिडिल ईस्ट के जिन देशों पर ईरान ने किया हमला
मिडिल ईस्ट में 17 देश शामिल हैं। इनमें सऊदी अरब, ईरान, इराक, तुर्किये, मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात, इजराइल, जॉर्डन, सीरिया, लेबनान, ओमान, यमन, कतर, कुवैत, बहरीन, साइप्रस और फिलिस्तीन शामिल हैं। इनमें से ईरान ने अब 9 देशों पर मिसाइलें गिराई हैं।
इजरायल
शनिवार को भीषण सैन्य टकराव के बाद ईरान ने अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों और सुसाइड ड्रोनों के जरिए मुख्य रूप से इजरायल के तेल अवीव और यरूशलेम जैसे प्रमुख शहरों के सैन्य ठिकानों और एयरबेसों को निशाना बनाया है। इनमें नेवातमि, हत्ज़ेरिम और रामत डेविड जैसे प्रमुख एयरबेस शामिल हैं। इसके अलावा, इजरायल के उत्तरी व दक्षिणी क्षेत्रों में भी मिसाइलें गिरने और धमाकों की खबरें आईं। इजरायली सेना के अनुसार, ईरान ने कई लहरों में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें दागी हैं, जिनमें से अधिकांश को इजरायल के ‘आयरन डोम’ और ‘एरो’ डिफेंस सिस्टम ने बीच में ही मार गिराया।
सुऊदी अरब
ईरान ने सऊदी अरब के कई क्षेत्रों को भी निशाना बनाया है। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि ईरान की मिसाइलों ने मुख्य रूप से राजधानी रियाद और देश के पूर्वी प्रांत को निशाना बनाने की कोशिश की। इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र के जाजान और खमीस मुशायत के पास स्थित किंग फहद एयर बेस पर भी हमलों की खबरें आई हैं।
कतर
कतर ने पुष्टि की है कि ईरान ने उस पर 65 मिसाइलें दागी है और 12 ड्रोन से हमला किया है। कतर में अमेरिकी सैन्य अड्डे अल उदैद पर शनिवार को ईरान ने कई मिसाइलें दागीं।
बहरीन
बहरीन ने कहा कि एक मिसाइल हमले में राजधानी मनामा में स्थित अमेरिकी नौसेना के 5वें बेड़े के मुख्यालय को निशाना बनाया गया। वहीं, बहरीन की राजधानी मनामा स्थित प्रतिष्ठित क्राउन प्लाजा होटल पर एक ईरानी ड्रोन गिरा है।
कुवैत
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अली अल-सालेम एयर बेस पर कई बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया, जिन्हें कुवैती हवाई रक्षा प्रणालियों ने नष्ट कर दिया। कुवैत नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के प्रवक्ता अब्दुल्ला अल-रजी ने बताया कि एक ड्रोन ने कुवैत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया, जिससे कुछ कर्मचारी मामूली रूप से घायल हो गए और यात्री भवन को नुकसान पहुंचा।
संयुक्त अरब अमीरात
संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में ईरान से दागी गई कई मिसाइलों को बीच में ही मार गिराया गया, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, ईरान ने दुबई के मशहूर लग्जरी होटल बुर्ज अल अरब पर हमला किया। इसके अलावा द पाम होटल और इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया है। ईरान ने शनिवारर को UAE पर 209 ड्रोन और 137 मिसाइलें दागी।
जॉर्डन
इजरायली हमले का जवाब देते हुए ईरान ने जॉर्डन पर भी हमला किया है। जॉर्डन की ओर से दावा किया गया है कि उसने दो मिसाइलों को मार गिराया
इराक
ईरान ने इराक में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर भीषण हमले किए हैं। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने उत्तरी इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र में स्थित इरबिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया।
ओमान
ईरान ने आज ओमान पर भी हमला किया है। ओमान के दुकम कमर्शियल पोर्ट पर दो ड्रोन से हमले की खबर सामने आई है।
ये भी पढ़ें-
