
मिचेल सैंटनर
भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों का सफर टूर्नामेंट में थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा देखने को मिला है। टीम इंडिया ने जहां फाइनल तक का सफर तय करने में एक मुकाबले में हार का सामना किया तो वहीं न्यूजीलैंड की टीम को 2 मैचों में हार मिली थी। इसमें एक चीज जो दोनों टीमों में एक समान देखने को मिली वह यह कि उन्हें अहमदाबाद में एक-एक हार का सामना इस टूर्नामेंट में करना पड़ा है। ऐसे में इस फाइनल मुकाबले को लेकर दोनों ही टीमों का पलड़ा लगभग बराबर का ही देखने को मिल रहा है। इस खिताबी मैच से पहले न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर का बड़ा बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने भारतीय टीम को खुली चुनौती दी है।
कुछ दर्शकों का दिल टूट जाए, तो हमें उन्हें कोई आपत्ति नहीं
भारतीय टीम के खिलाफ फाइनल मुकाबले के एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूजीलैंड टीम के कप्तान ने उसी बयान को दोहराने का प्रयास किया जो साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के खिताबी मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस ने दिया था। मिचेल सैंटनर ने कहा कि भले ही उनकी टीम इस फाइनल मुकाबले को जीतने की प्रबल दावेदार ना मानी जा रही हो, लेकिन उनकी कोशिश छोटी-छोटी चीजों को ध्यान में रखते हुए अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने पर रहने वाला है। अगर हमारे खिताब जीतने से कुछ फैंस के दिल टूटते हैं तो इससे हमें कोई आपत्ति नहीं क्योंकि हम अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतना चाहते हैं।
बल्लेबाजी के लिए पिच हो सकती है मुफीद
मिचेल सैंटनर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब फाइनल मुकाबले की पिच को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक विकेट को देखा नहीं हैं, क्योंकि वह कवर से ढका हुआ है। हालांकि ये अनुमान लगाया जा सकता है यह सपाट हो सकती है, जिसपर काफी रन बनने की उम्मीद है। बता दें कि भारतीय टीम ने अभी तक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में न्यूजीलैंड की टीम का तीन बार सामना किया है और तीनों ही बार उन्हें हार मिली है, ऐसे में टीम इंडिया के सामने इस रिकॉर्ड को बदलने की भी बड़ी चुनौती रहने वाली है।
ये भी पढ़ें
डेल स्टेन ने IND vs NZ फाइनल को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी, कहा- इस टीम को दूंगा चोकर्स का टैग
