राजनीति से संन्यास की अटकलों को दिग्गी राजा ने किया खारिज, बोले राज्यसभा नहीं जाना चाहता


Digvijay singh- India TV Hindi
Image Source : PTI
दिग्विजय सिंह

नई दिल्ली:  कांग्रेस के सीनियर नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राजनीति से संन्यास लेने की अटकलों को खारिज किया है। दिग्गी राजा के नाम से मशहूर दिग्विजय सिंह ने रविवार को कहा कि उन्होंने केवल पार्टी से अनुरोध किया है कि मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें राज्यसभा के लिए तीसरी बार उम्मीदवार नहीं बनाया जाए। उन्होंने कहा कि वे आखिरी सांस तक पार्टी की सेवा करते रहेंगे। 

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद अटकलें तेज

दरअसल, दिग्विजय सिंह के भविष्य की योजनाओं को लेकर अटकलें उस समय शुरू हुईं जब उन्होंने पांच मार्च को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें एक दंपति रिटायमेंट के बाद देश के विभिन्न स्थानों की यात्रा करते दिख रहा है। वीडियो शेयर करते हुए सिंह ने लिखा था, ”मेरी सेवानिवृत्ति की योजना? शायद। क्यों नहीं? जय सिया राम।” इससे यह अटकलें लगने लगीं कि वह सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने का संकेत दे रहे हैं। सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने केवल कांग्रेस नेतृत्व से यह अनुरोध किया है कि राज्यसभा का उनका वर्तमान कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें राज्यसभा के लिए तीसरी बार उम्मीदवार नहीं बनाया जाए। 

अंतिम सांस तक कांग्रेस की सेवा 

उन्होंने कहा, ”देखिए, इस तरह की चर्चा होती रहती है और आप जानते हैं कि यह कहां से आती है। बात इतनी ही है कि मैंने अपनी पार्टी से कहा है कि दूसरे कार्यकाल के बाद मैं तीसरी बार राज्यसभा नहीं जाना चाहता।” कांग्रेस नेता सिंह ने कहा कि इसका अर्थ यह नहीं है कि वह पार्टी के लिए काम करना बंद कर देंगे, बल्कि वह अंतिम सांस तक कांग्रेस की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें क्या जिम्मेदारी दी जाएगी, यह पार्टी नेतृत्व, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) और मध्यप्रदेश कांग्रेस पर निर्भर करेगा। 

वीडियो को लेकर क्या सफाई दी?

दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि यह ओडिशा के रिटायर्ड बैंक मैनेजर दंपति का वीडियो था, जो देशभर की यात्रा कर रहे हैं और उन्हें यह विचार रोचक लगा, इसलिए उन्होंने इसे शेयर कर दिया। कांग्रेस द्वारा उन्हें राज्यसभा में बने रहने के लिए कहे जाने की स्थिति में उनका रुख पूछे जाने पर दिग्वजिय सिंह ने इसे काल्पनिक स्थिति बताते हुए सीधे टिप्पणी करने से परहेज किया। जब दिग्विजय सिंह से किसानों के लिए एक प्रदर्शन की उनकी घोषणा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह राजनीति में हमेशा सक्रिय रहे हैं।  दिग्विजय सिंह वर्ष 1993 से 2003 तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। 

Latest India News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *