
सारा अर्जुन के पिता राज अर्जुन ने बताया वायरल पोस्ट का सच
सारा अर्जुन ‘धुरंधर’ के बाद से ही चर्चा में बनी हुई हैं। इस फिल्म में सारा ने येलीना का किरदार निभाया है और अपने अभिनय के लिए खूब तारीफें भी हासिल कीं। हाल ही में ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर जारी किया गया, जिसमें सारा बदले अवतार में नजर आईं। उनके हाथ में बंदूक भी देखने को मिली। लेकिन, अब धुरंधर स्टार एक अलग वजह से सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर एक वायरल पोस्ट के चलते सारा अर्जुन सुर्खियों में आ गई हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ, जिसे लेकर दावा किया गया कि सारा ने कन्नड़ सुपरस्टार यश की ‘टॉक्सिक’ का मजाक उड़ाया है। अब इस वायरल पोस्ट पर अभिनेत्री के पिता राज अर्जुन ने भी प्रतिक्रिया दी है और वायरल पोस्ट का सच बताया है।
क्या सारा ने उड़ाया टॉक्सिक का मजाक?
कन्फ्यूजन तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ, जिसे लेकर दावा किया गया कि ये सारा अर्जुन ने लिखा है। इस पोस्ट में टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स की रिलीज डेट आगे बढ़ाए जाने का जिक्र था, और इसमें लिखा था- ‘No Toxicity, only Dhurandhar. सभी बातें कल बंद हो गईं।” इसे यूजर्स ने यश की ‘टॉक्सिक’ के पोस्टपोन होने से जोड़कर देखना शुरू कर दिया। इस पोस्ट के वायरल होने पर सारा अर्जुन के पिता, अभिनेता राज अर्जुन ने साफ किया कि वायरल पोस्ट उनकी बेटी की ओर से नहीं आया था।
X पर नहीं हैं सारा अर्जुन
राज अर्जुन ने इस पूरे मामले पर एक पोस्ट के जरिए प्रतिक्रिया दी और बताया कि वायरल हो रहा पोस्ट सारा अर्जुन की ओर से नहीं आया है, क्योंकि वह X पर हैं ही नहीं। राज अर्जुन ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा- ‘सभी को नमस्कार, एक फर्जी अकाउंट सारा के नाम से एक पोस्ट फैला रहा है जिसमें लिखा है, ‘कोई नकारात्मकता नहीं, सिर्फ धुरंधर।’ स्पष्टीकरण के लिए बता दूं – सारा ट्विटर पर नहीं हैं – और वह कभी भी ऐसा कुछ नहीं लिखेंगी।’
सारा किसी को नीचा दिखाकर खुद को प्रमोट नहीं करेगी- राज अर्जुन
अभिनेत्री के पिता ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- ‘हम एक ही फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हैं, जो हमारे लिए एक बड़े परिवार की तरह है। सारा को हर कलाकार और हर फिल्म का सम्मान करना सिखाया गया है। वह कभी भी किसी के बारे में नकारात्मक बोलकर अपने काम को बढ़ावा नहीं देगी। सारा सिर्फ इंस्टाग्राम पर है। उसके नाम से कहीं और मौजूद कोई भी अन्य अकाउंट फर्जी है। कृपया ऐसी पोस्ट पर विश्वास न करें और न ही उन्हें फैलाएं – एक चिंतित पिता।’
ये भी पढ़ेंः इंडिया टूर पर आ रहीं शकीरा, टिकट को लेकर मची होड़ तो पॉप स्टार ने दिया बड़ा तोहफा, इस शहर में होगा एक्स्ट्रा शो
