
चावल का चीला रेसिपी
नाश्ता ऐसा हो जिसे खाने से पेट भी भर जाए और स्वाद भी आ जाए। नाश्ते में खाने के लिए चीला बेस्ट होता है। अगर आप बेसन और सूजी का चीला खाकर बोर हो चुके हैं तो एक बार चावल के आटे का चीला बनाकर खाएं। ये इतने नरम और जालीदार बनते हैं कि गर्मागरम खाने में मजा आ जाएगा। बच्चे और बूढ़े सभी चावल का चीला स्वाद लेकर खाएंगे। चावल के आटे से चीला बनाना बहुत आसान है। आप 10 मिनट में पूरे परिवार के लिए नाश्ता बना सकते हैं। हरी चटनी, नारियल की चटनी या मूंगफली के चटनी के साथ चावल के आटे का चीला बहुत अच्छा लगता है। आप इसे पेट भरकर भी खा सकते हैं। फटाफट नोट कर लें चावल के आटे का चीला बनाने की रेसिपी।
चावल के आटे का चीला कैसे बनाएं?
पहला स्टेप- चीला बनाने के लिए आपको चावल का आटा चाहिए। बाजार में चावल का आटा आसानी से मिल जाता है। आप चाहें तो घर में ही सूखे चावलों को पीसकर आटा बना सकते हैं। चावल के आटे का चीला प्लेन बनाना चाहते हैं तो इसमें सिर्फ नमक, पिसी काली मिर्च, हरा धनिया, जीरा और चाट मसाला डालकर बना सकते हैं। अगर चीला में सब्जियां डालना चाहते हैं तो बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, गाजर, शिमाल मिर्च डाल सकते हैं।
दूसरा स्टेप- अब चीला के लिए चावल के आटे का स्मूद बैटर तैयार कर लें। चावल के आटे में जरूरत के हिसाब से सब्जियां डाल सकते हैं। वैसे चावल का प्लेन चीला खाने और बनाने में ज्यादा अच्छा लगता है। आप सिर्फ नमक, काली मिर्च और जीरा डालें। इससे चावल के चीला बिना चिपके आसानी से बन जाएंगे।
तीसरा स्टेप- एक तवा गर्म करें और उस पर चावल के आटे से तैयार किया गया बैटर डालकर चीला जैसा फैलाएं। अब इसे किसी ढक्कन से कवर करके चीला को नीचे की ओर से पकने दें। अब आराम से चीला को पलट दें और फिर दूसरी ओर से सेंक लें।
चौथा स्टेप- चावल के मुलायम चीला बनकर तैयार हैं। ये चीला एकदम जालीदार बनते हैं। आप इन्हें नारियल की चटनी, मूंगफली की चटनी या हरी चटनी के साथ खा सकते हैं। ये चीला बच्चों को टिफिन में रखकर दे सकते हैं। बच्चों को चीला का स्वाद पसंद आएगा।
