Winter started cold war in Delhi know how will be the next 3 days for the country । दिल्ली में सर्दी ने शुरू किया “कोल्ड वार”, जानें कैसे होंगे देश के लिए अगले 3 दिन?


दिल्ली में सर्दी का सितम - India TV Hindi

Image Source : PTI/ REPRESENTATIONAL (FILE).
दिल्ली में सर्दी का सितम

Weather Update: देश की राजधानी दिल्ली में सर्दी ने “कोल्ड वार” शुरू कर दिया है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री दर्ज किया गया। दिन भर चलती तेज सर्द हवाओं ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया। सूरज बादलों के बीच बार-बार छुपता नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। सफदरजंग स्थित मौसम कार्यालय ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने देश के अलग-अलग राज्यों में अगले तीन दिनों में तापमान में और गिरावट होने का अंदेशा जताया है। इससे ठंड का सितम और अधिक बढ़ सकता है।

दिल्ली में यहां 3 डिग्री हो गया तापमान


दिल्ली के रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राजधानी का सबसे ठंडा स्थान बन गया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कुछ हिस्सों और हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में ‘घने’ से ‘बहुत घना’ कोहरा छाया रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में इन क्षेत्रों में कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। आइएमडी के मुताबिक, शून्य से 50 मीटर तक दृश्यता ‘बहुत घने’, 51 मीटर से 200 मीटर तक ‘घने’, 201 मीटर से 500 मीटर तक ‘मध्यम’ और 501 मीटर से 1000 मीटर तक दृश्यता ‘हल्के’ कोहरे की श्रेणी में आती है। दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम और इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है।

 जानें कब घोषित होती है शीतलहर

आया नगर मौसम केंद्र ने न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री कम 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में शाम छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 319 दर्ज किया गया। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है। आईएमडी ने बताया कि यदि मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है, तो इसे शीत लहर घोषित किया जाता है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होने और सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहने पर शीत लहर की भी आशंका है। एक ‘गंभीर’ शीत लहर तब होती है जब न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है या सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से कम हो जाता है। जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम या इसके बराबर होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है, तो इसे ‘ठंडा दिन’ कहा जाता है।

Latest India News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *