Congress opposes alliance with AAP in Punjab | कांग्रेस ने आप के साथ गठबंधन का किया विरोध


Congress, Punjab Congress, India Alliance, Punjab AAP Congress- India TV Hindi

Image Source : FACEBOOK.COM/AMARINDERSINGHRAJA
पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग।

चंडीगढ़: I.N.D.I.A. गठबंधन भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले NDA के खिलाफ लगातार ताल ठोक रहा है, लेकिन ऐसा लगता है कि जमीनी स्तर पर अभी इसके सदस्यों के बीच सही से तालमेल नहीं बैठ पाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई में हाल में हुई I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक के बाद पंजाब में कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को संकेत दिया कि वे 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के साथ किसी भी तरह के गठबंधन के खिलाफ हैं।

पंजाब कांग्रेस नेताओं ने कीं कई बैठकें

चंडीगढ़ में कांग्रेस की पंजाब इकाई के नेताओं की एक बैठक से पहले पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि वह पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। वडिंग और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने राज्य में मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस के जिला अध्यक्षों, विधायकों और अन्य नेताओं के साथ कई बैठकें कीं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में नेताओं ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए आप के साथ गठबंधन का विरोध किया।

‘AAP के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा’
कहा जा रहा है कि नेताओं ने वडिंग और बाजवा से ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भावनाओं से कांग्रेस आलाकमान को अवगत कराने को भी कहा। बैठक में वडिंग और बाजवा के अलावा पूर्व मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा, भारत भूषण आशु, साधु सिंह धर्मसोत, विधायक राजकुमार छब्बेवाल, विक्रमजीत सिंह चौधरी, बलविंदर सिंह धालीवाल, अरुणा चौधरी और सांसद मोहम्मद सादिक सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बाजवा समेत प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कहते रहे हैं कि राज्य में AAP के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा।

‘हम सभी 13 सीटों पर लड़ने को तैयार’
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष वडिंग ने कहा था कि हमें पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर लड़ने के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है और हम चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस AAP की सरकार के खिलाफ राज्य के ज्वलंत मुद्दे उठाता रहा है। वडिंग ने कहा, ‘आज भी हम पंजाब के मुद्दों पर आप सरकार के खिलाफ लड़ रहे हैं। हम देश और पंजाब के मुद्दे लगातार उठाते रहे हैं। हमने बाढ़ से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग करते हुए धरने दिये हैं।’

I.N.D.I.A. गठबंधन पर भी बोले वडिंग
पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष वडिंग ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ती है और पंजाब में कांग्रेस आम आदमी पार्टी के खिलाफ लड़ना जारी रखेगी। I.N.D.I.A. गठबंधन पर वडिंग ने कहा, ‘जब देश और लोकतंत्र को बचाने का सवाल है तो हम साथ हैं। I.N.D.I.A. गठबंधन लोकतंत्र को बचाने के लिए है। संविधान का सम्मान करने वाली समान विचारधारा वाली पार्टियां एक साथ आई हैं।’ (भाषा)

https://www.youtube.com/watch?v=n27pvTLJIaA

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। News in Hindi के लिए क्लिक करें पंजाब सेक्‍शन





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *