
अमेरिकी प्रतिनिधि रॉबर्ट वुड
हमास-इजरायल के बीच गाजा में चल रही लड़ाई पिछले करीब दो महीने से जारी है। इस बीच गाजा पट्टी में तुरंत सीजफायर (युद्ध विराम) का प्रस्ताव यूएन सुरक्षा परिषद में खारिज हो गया है। दरअसल, अमेरिका ने इजरायल के पक्ष में अपनी वीटो पावर का इस्तेमाल किया। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी उप प्रतिनिधि रॉबर्ट वुड ने जोर देकर कहा कि प्रस्ताव वास्तविकता से अलग है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से हमारी लगभग सभी सिफारिशों को नजरअंदाज कर दिया गया। इसलिए वे वीटो का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस तरह से अमेरिका एक बार फिर इजरायल के लिए ढाल बनकर खड़ा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, अमेरिका ने शुक्रवार (स्थानीय समय) को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उस प्रस्ताव को वीटो कर दिया जिसमें इजरायल और हमास के बीच तत्काल मानवीय युद्धविराम की मांग की गई थी। यह प्रस्ताव संयुक्त अरब अमीरात द्वारा रखा गया था और 90 से अधिक सदस्य देशों ने इसका समर्थन किया था। यूएनएससी के 13 सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया जबकि ब्रिटेन मतदान से दूर रहा।
