महारानी का नया अंदाज: स्कूटी पर सवार होकर गली-गली घूम रहीं वसुंधरा राजे, समस्याएं सुनी, अधिकारियों को फटकारा


Vasundhara Raje- India TV Hindi

Image Source : INDIA TV
वसुंधरा राजे सिंधिया

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह इन दिनों झालावाड़ दौरे पर हैं। अपने दौरे के तीसरे दिन सांसद दुष्यंत सिंह और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भवानीमंडी पहुंचे और नव निर्मित पंचायत समिति भवन का शुभारंभ किया। इसके बाद महारानी वसुंधरा पिड़ावा पहुंचीं और स्कूटी पर बैठकर कस्बे का भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राजे ने स्थानीय लोगो से बात कर शहर के लोगों की समस्याओं को भी सुना।

शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सैटेलाइट अस्पताल में क्रमोन्नत होने पर अस्पताल के सामने सीएमएचओ की अगुवाई में चिकित्सा कर्मियों ने राजे का स्वागत किया। इस दौरान वो स्कूटी पर सवार होकर शहर के गली मोहल्ले में जाकर आम लोगों से मिलीं तथा उनके हालचाल जाने। स्थानीय नागरिकों द्वारा कस्बे के विभिन्न मार्गो पर राजे का जोरदार स्वागत किया गया। हालांकि बरसात शुरू होने के कारण राजे ने धन्यवाद यात्रा को विराम दे दिया और झालावाड़ लौट आईं।

झालरपाटन में भी स्कूटी से घूमी थीं

वसुंधरा राजे सिंधिया शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन कस्बे में में स्कूटी पर सवार होकर पहुंची थीं और कस्बे में विकास कार्यों का जायजा लिया था। वसुंधरा राजे कस्बे में गंदगी और अव्यवस्थाओं को देख भड़क गईं थीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को लोगों की समस्याएं दूर करने का निर्देश भी दिया था। स्कूटी पर सवार वसुंधरा राजे को क्षेत्र के लोगों ने पहली बार देखा तो उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं। इससे पहले वसुंधरा राजे ने कुछ इलाकों में बाइक पर भी सवार होकर दौरा किया था। गौरतलब है कि वसुंधरा राजे और उनके सांसद पुत्र दुष्यंत सिंह चार दिवसीय झालावाड़ दौरे पर हैं।

पांच बार से विधायक हैं वसुंधरा

वसुंधरा राजे झालरापाटन विधानसभा से लगातार पांच बार से विधायक हैं। वह साल 2003 से यहां की विधायक हैं। वह प्रदेश की मुख्यमंत्री भी रह चुकी हैं। वसुंधरा राजस्थान बीजेपी की कद्दावर नेता हैं और उनका प्रदेश में काफी जनाधार भी है। वसुंधरा के बेटे दुष्यंत सिंह झालावाड़-बारां लोकसभा सीट से सांसद हैं। 

(झालावाड़ से अनीस आलम की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

राजस्थान में खोले जाएंगे 27 नये महाविद्यालय, डिप्टी सीएम ने विधानसभा में बताया सरकार का प्लान

हैरान करने वाली खबर! ट्रेन की चपेट में आकर हुई पत्नी की मौत तो पति ने भी ट्रेन के सामने कूदकर की सुसाइड





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *