
स्मृति मंधाना
Smriti Mandhana Fastest Century in ODI: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना का बल्ला जमकर बोल रहा है। स्मृति मंधाना ने राजकोट में आयरलैंड के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे मैच में तूफानी शतक जड़ दिया। मंधाना ने महज 70 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और इसके साथ ही महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास में नया कीर्तिमान रच दिया। मंधाना ने भारत की ओर से महिला वनडे क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने का कारनामा कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने हरमनप्रीत का सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बहुत बड़े अंतर से तोड़ दिया। इससे पहले हरमनप्रीत ने साल 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैच में 87 गेंदों पर सैकड़ा जड़ा था।
स्मृति मंधाना के वनडे करियर का ये 10वां शतक है। इसके साथ ही भारतीय सलामी बल्लेबाज वनडे क्रिकेट के इतिहास में 10 शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं। यही नहीं, वह महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास में 10 या उससे ज्यादा शतक लगाने वाली दुनिया की चौथी खिलाड़ी बन गई हैं।
महिला वनडे में सबसे ज्यादा शतक
- 15 – मेग लैनिंग
- 13 – सूजी बेट्स
- 10 – टैमी ब्यूमोंट
- 10 – स्मृति मंधाना
मंधाना का लगातार 10वीं पारी में आया ये 8वां 50+ स्कोर है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह कितनी शानदार फॉर्म में चल रही है। इस पूरी सीरीज में मंधाना को युवा सलामी बल्लेबाज प्रतीका रावल का जबरदस्त सहयोग मिल रहा है। इस तीसरे वनडे में दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 200 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है।
महिला वनडे में भारत के लिए सबसे तेज शतक (गेंदों के हिसाब से)
- 70 – स्मृति मंधाना बनाम आयरलैंड, राजकोट, 2025
- 87 – हरमनप्रीत कौर बनाम साउथ अफ्रीका, बेंगलुरु, 2024
- 90 – हरमनप्रीत कौर बनाम ऑस्ट्रेलिया, डर्बी, 2017
- 90 – जेमिमा रोड्रिग्स बनाम आयरलैंड, राजकोट, 2025
- 98 – हरलीन देओल बनाम वेस्टइंडीज, वडोदरा, 2024
