बिहार: दूल्हे के अपहरण के बाद ऑर्केस्टा बैन, महिला डांसरों को जिला छोड़ने का आदेश, संचालकों से बॉन्ड भरवाया


Ban on orchestra
Image Source : INDIA TV
गोपालगंज में ऑर्केस्ट्रा पर बैन

बिहार के गोपालगंज में प्रशासन ने ऑर्केस्ट्रा पर बैन लगा दिया है। 23 मई की रात मंडप से दूल्हे के अपहरण की सनसनीखेज घटना के बाद जिला प्रशासन ने यह बड़ा कदम उठाया है। एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर जिले में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रमों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही बंगाल, ओड़िशा समेत अन्य राज्यों से आई महिला डांसरों को तत्काल ऑर्केस्ट्रा बंद कर जिला छोड़ने का आदेश दिया गया है। ये सभी चिन्हित ऑर्केस्ट्रा संचालक हैं, जिनके द्वारा लगातार समाज में अश्लीलता फैलाई जा रही थी। हर्ष फायरिंग के साथ अश्लील गानों को बढ़ावा दिया जा रहा था।

एसपी के निर्देश पर सोमवार को जिले भर के सभी थानों में ऑर्केस्ट्रा संचालकों की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में पुलिस ने साफ कर दिया कि अब किसी भी शादी या सार्वजनिक कार्यक्रम में ऑर्केस्ट्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी संचालकों से बॉन्ड भरवाया गया, जिसमें यह शर्त रखी गई कि वे कानून व्यवस्था भंग नहीं करेंगे और किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि में शामिल नहीं होंगे।

23 मई को क्या हुआ था?

पुलिस जांच में सामने आया है कि 23 मई की रात एक शादी समारोह में लौंडा नाच के दौरान विवाद हुआ, जिसमें ऑर्केस्ट्रा से जुड़े युवकों ने मिलकर दूल्हे का अपहरण कर लिया। इस घटना के बाद से प्रशासन सख्त हो गया है। इससे पहले भोजपुरी की डांसर माही-मनीषा के ऑर्केस्ट्रा में मारपीट हुई थी। पुलिस का मानना है कि ऑर्केस्ट्रा की आड़ में कई जगह अश्लीलता परोसी जा रही है। मानव तस्करी के मामले भी सामने आए हैं। इसके अलावा हर्ष फायरिंग, हथियार लहराने और अभद्र गीत बजाने जैसी घटनाएं भी हुई हैं।

डांसर क्या बोलीं?

ऑर्केस्ट्रा संचालकों और डांसरों का कहना है कि वे कला के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। एक डांसर ने कहा, “हम दूसरे राज्य से आकर मेहनत करते हैं। ऑर्केस्ट्रा पर बैन से हमारे परिवारों के सामने संकट खड़ा हो जाएगा।” फिलहाल, प्रशासन की सख्ती के बीच जिले में ऑर्केस्ट्रा पूरी तरह बंद हो चुका है और सभी डांसरों को जांच प्रक्रिया पूरी होने तक घर लौटने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

(गोपालगंज से अयाज अहमद की रिपोर्ट)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *