जलभराव और यातायात को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तैयार की रणनीति, जानें क्या बोले अधिकारी?


Delhi Traffic Police prepared a strategy regarding waterlogging and traffic know what the officer sa
Image Source : PTI
प्रतीकात्मक तस्वीर

केरल में 17 दिन पहले ही मॉनसून की एंट्री हो चुकी है। अब मॉनसून देश में हर तरफ धीरे-धीरे बढ़ रहा है। ऐसे में लगातार होने वाली बारिश के कारण दिल्ली में कई स्थानों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या देखने को मिलती है। इसलिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जलभराव, यातायात की भीड़ और सड़क सुरक्षा के लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों से निपटने के लिए एक सक्रिय रणनीति तैयार की है। कई शहर की एजेंसियों के साथ सहयोग करके, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस सभी मोर्चों पर अपनी तैयारियों को मजबूत कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 5 दिनों में दिल्ली एनसीआर में मौसम सुहाना रहेगा और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं जैसे ही मॉनसून की एंट्री दिल्ली में होगी, वैसे ही तेज बारिश देखने को मिलेगी। इसलिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। 

ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी क्या बोले?

इसे लेकर डीसीपी ट्रैफिक मुख्यालय शशांक जायसवाल ने कहा, “हम उन सभी बिंदुओं की पहचान कर रहे हैं, जहां हमें पिछले साल चुनौतियों (जलभराव, यातायात की भीड़ और सड़क सुरक्षा) का सामना करना पड़ा था। हम ऐसी जगहों की पहचान करने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही अपनी टीमों से भी सलाह लेते हैं। फिर हम संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखते हैं, जिसमें हम इन समस्याओं के कारणों पर विचार करते हैं। हम इन एजेंसियों द्वारा की गई कार्रवाई का भी जायजा लेते हैं, ताकि हम पहले से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर सकें।” शशांक जायसवाल ने कहा, “सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ी है। हम उन स्थितियों पर नजर रखते हैं, जहां ट्रैफिक जाम होता है। जब GRAP लागू होता है, तब भी हमारे ट्रैफिक वाले सड़कों पर चौकन्ने खड़े रहते हैं, ऐसे प्रदूषण में जहां आप सांस नहीं ले पाएंगे। हम अपने अधिकारियों के लिए काउंसलिंग सेशन आयोजित करने की भी कोशिश कर रहे हैं। ताकि हम उनकी समस्याओं का ध्यान रख सकें।”

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस तैयारियों को कर रही पुख्ता

बता दें कि भारत में मॉनसून की एंट्री के साथ ही मौसम सुहाना हो गया है। इस कारण जैसे-जैसे मॉनसून आगे बढ़ेगा, वैसे-वैसे अलग-अलग राज्यों में बारिश में बढ़ोत्तरी होगी। ऐसे में यही बारिश जब दिल्ली-एनसीआर जैसे शहरी इलाकों में होती है तो जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं का सामना लोगों को करना पड़ता है। इसलिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा तैयारियों को पुख्ता किया जा रहा है। बता दें कि दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने भी दिल्ली में होने वाले जलभराव को लेकर बीते दिनों एक इंटरव्यू में बयान देते हुए कहा था कि दिल्लीवासियों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाएंगी।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *