
हिट: द थर्ड केस
इस साल अब तक कॉमेडी, एक्शन और ड्रामा से भरी फिल्में रिलीज हो चुकी हैं। इनमें से कुछ ने बॉक्स ऑफिस पर मोटी कमाई की है तो कुछ ने एक्टिंग से खूब तारीफें बटोरी हैं। लेकिन ऐसी भी एक फिल्म बीते महीने रिलीज हुई जिसकी कहानी ने लोगों की पसलियां ढीली कर दी हैं। इतना ही नहीं सस्पेंस के सैलाब से सराबोर से फिल्म हत्यारों का मेला दिखाती है और खून देखते ही जाम छलकते सीन्स आपको अंदर तक झकझोर देते हैं। इस फिल्म का नाम है ‘हिट: द थर्ड केस’ और ये बीते महीने 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब ये फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म हॉटस्टार पर रिलीज हो गई है। इस फिल्म में साउथ सुपरस्टार नानी लीड रोल में नजर आ रहे हैं। वहीं विलेन के किरदार में बॉलीवुड एक्टर प्रतीक स्मिता पाटिल (प्रतीक बब्बर) नजर आ रहे हैं।
हत्यारों का लगता है मेला
फिल्म की कहानी बेहद दिलचस्प है और हत्यारों का मेला दिखाती है। फिल्म की कहानी एक पुलिस अधिकारी की निजी जिंदगी की परेशानियों से शुरू होती है। जिसमें हीरो एक पुलिस अधिकारी है जो दबंग है और हिम्मत वाला भी जिसे नानी ने निभाया है। कहानी हीरो की जिंदगी बताती है और तभी एक केस आ जाता है जिसमें एक बेरहमी से हत्या का मामला सामने आता है। जब हीरो इस मामले की जांच करता है तो चौंकाने वाले खुलासे होते हैं और पता चलता है कि ऐसे हत्यारों का पूरा एक गैंग है जो इसी तरह लोगों को मौत के घाट उतारता है। इसके बाद शुरू होता है मौत का तांडव। कहानी आगे बढ़ती है और एक ऐसे मोड़ पर आती है जहां सारे सीरियल किलर्स का मेला लगता है।
सीन देखकर रूह कांप जाएगी
फिल्म में ऐसा सस्पेंस है कि खुलते ही लोग विलेन से नफरत करने लग जाते हैं। कहानी के अंत में सीरियल किलर्स का गैंग चलाने वाला सरगना जिसे प्रतीक बब्बर ने प्ले किया है, सभी को एक जगह पर एकत्रित करता है। इस मेले में सभी हत्यारे शामिल होते हैं और यहां मौत का खेल दिखाया जाता है। यहां एक पुलिस अधिकारी को रस्सियों से बांध दिया जाता है और सभी के सामने उसके शरीर के 2 टुकड़े कर दिए जाते हैं। जिसे देखकर रूह कांप जाती है। ये ऐसा सीन है जो पूरी फिल्म में सबसे असरदार है। फिल्म का सस्पेंस भी काफी दिलचस्प है और आखिर में खुलता है।
दमदार एक्शन से भी भरपूर है फिल्म
फिल्म में केवल सस्पेंस ही नहीं बल्कि शानदार एक्शन भी देखने को मिलता है। एक्शन सीन्स में फिल्म के हीरो नानी खूब जमे हैं और दमदार फाइट भी देखने को मिली है। फिल्म में फाइट सीन्स भी रोंगटे खड़े कर देते हैं। अगर आप भी मर्डर मिस्ट्री देखने के शौकीन हैं तो ये फिल्म आपके लिए है और इसे हॉटस्टार पर देखा जा सकता है।
