बारिश या चिलचिलाती गर्मी… दिल्ली में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? पढ़ लें IMD का नया अपडेट


delhi weather news
Image Source : PTI
दिल्ली का मौसम।

नई दिल्ली: पिछले कुछ दिनों से गर्मी से राहत मिलने के बाद राजधानी दिल्ली में एक बार फिर गर्मी अपने तेवर दिखाने वाली है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले पांच दिनों में दिल्ली में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। मौसम विभाग द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट के अनुसार, गर्मी बढ़ने के बावजूद इस अवधि के दौरान लू चलने की कोई संभावना नहीं है। आईएमडी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे (3-6 डिग्री सेल्सियस) और अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

40 डिग्री पार पहुंच जाएगा तापमान

आईएमडी के सात-दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार से मौसम साफ हो जाएगा। अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है, जो अगले सप्ताह की शुरुआत तक 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।

5 मई को कितना रहा तापमान?

आईएमडी ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच शाम 5:30 बजे आर्द्रता का स्तर 38 प्रतिशत था। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का एक्यूआई शाम चार बजे 203 के स्तर पर पहुंच गया जो “खराब” श्रेणी में आता है।

अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?

वहीं, दूसरी तरफ कई राज्यों में हुई बारिश ने लोगों का जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। बारिश से एक तरफ राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में बारिश से लोगों ने चैन की सांस ली। वहीं, दूसरी ओर पूर्वोत्तर राज्य के लोग बारिश से बनी बाढ़ जैसी स्थिति से परेशान नजर आ रहे हैं। IMD के अनुसार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की और मध्यम बारिश के साथ-साथ गरज के साथ बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

महाराष्ट्र के विदर्भ में तेज बारिश का अलर्ट

अगले 7 दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में हल्की और मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। 6 से 7 जून के दौरान मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हल्की और मध्यम बारिश, गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने वाली तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज यानी 6 जून से 9 जून तक महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। (भाषा इनपुट्स के साथ)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *