
बच्चे की पीटने का वीडियो हुआ वायरल।
दिल्ली की सरोजिनी नगर मार्केट का एक बेहद हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। जहां कुछ दुकानदार मिलकर एक छोटे से बच्चे से मारपीट कर रहे हैं, उसे बुरी तरह टॉर्चर कर रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि एक दुकानदार बच्चे को लगातार मार रहा है। उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए जबकि दूसरा दुकानदार उसका वीडियो बना रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने आनन फानन में मामला दर्ज कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।
बच्चे को डराने के लिए की ऐसी करतूत
बच्चे की मां बेहद गरीब है। वह सरोजिनी नगर मार्केट में छोटा मोटा काम करती है। बच्चा भी कभी-कभी मार्केट में आने वाले ग्राहकों से पैसे या खाने के लिए चीज मांगता है। इन दुकानदारों का कहना है कि बच्चे को डराने के लिए उन्होंने ये किया। लेकिन जिस तरीके से बच्चे से मारपीट और टॉर्चर किया गया वो बेहद हैरान करने वाला है।
बच्चे से मारपीट का वीडियो आया सामने-
महिलाओं को लाठी-डंडों से पीटा
बता दें कि पिछले महीने ही यहां से महिलाओं संग मारपीट की घटना भी सामने आई थी जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ दबंग महिलाओं को डंडों से पीटते दिखाई दे रहे थे। दिन दहाड़े महिलाओं को पीटे जाने का ये वीडियो 27 मई का था। ये सभी महिलाएं सरोजिनी नगर मार्केट में छोटा-मोटा सामान बेचती हैं। हमलावर भी बाजार में अपनी दुकान चलाते हैं।
महिलाओं का आरोप था कि 23 मई को बाजार में दुकान लगाने को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ था। उसके बाद 27 मई को सुबह 11 बजे काफी संख्या में लोग लाठी-डंडे लेकर आए और उनको पीटने लगे। उन्होंने महिलाओं को बुरी तरह पीटा जिसकी वजह से उनको गंभीर चोट आई थी।
(रिपोर्ट- इला काजमी)
