सिगरेट न देने को लेकर हुआ विवाद, बदमाशों ने होटल पर की खुलेआम फायरिंग, CCTV में कैद हुई घटना


होटल पर की फायरिंग।
Image Source : INDIA TV
होटल पर की फायरिंग।

नालंदा: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। यहां नालंदा जिले में गुरुवार रात अपराधियों ने एक होटल पर फायरिंग कर दी। इस घटना में एक कर्मी बाल-बाल बचा। वहीं पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने होटल में पहुंचकर सिगरेट की मांग की। सिगरेट नहीं मिलने पर उन्होंने होटल पर हवाई फायरिंग की। फिलहाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। 

सिगरेट न मिलने पर हुआ विवाद

पूरा मामला सोहसराय थाना क्षेत्र के एनएच 20 पर मौजूद एक होटल का बताया जा रहा है। यहां गुरुवार की देर रात बेखौफ बदमाशों ने न्यू दुखी होटल पर खुलआम फायरिंग की। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने होटल में सिगरेट की मांग की थी। सिगरेट न देने से नाराज बदमाशों ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना को अंजाम देने के लिए चार की संख्या में हथियारबंद बदमाश आए हुए थे, जिनकी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इस घटना के बाद से पुलिस प्रशासन के प्रति स्थानीय लोगों में आक्रोश है। 

घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

होटल संचालक आनंद कुमार ने बताया कि चार युवक होटल पर पहुंचे और सिगरेट की मांग करने लगे। सिगरेट देने से मना किया गया तो पहले बहस शुरू की, जिसके बाद बदमाशों ने कुछ ही देर में होटल पर चढ़कर तीन राउंड फायरिंग कर दी। होटल संचालक के बड़े भाई आशीष कुमार ने बताया कि गोलीबारी की पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। गोलीबारी की घटना में होटल का एक कर्मी बाल-बाल बच गया। थाना अध्यक्ष राजमणि ने बताया कि घटना की जानकारी पर गश्ती टीम मौके पर पहुंची है। मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। (इनपुट- शिव कुमार)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *