
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के हाथ में लगी फांस
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को मध्य प्रदेश के अशोक नगर पहुंचे। यहां ग्वालियर से बेंगलुरू तक ट्रेन चलाने की सौगात लेकर केंद्रीय मंत्री अशोकनगर स्टेशन पहुंचे थे। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर बने बैरिकेड को हटाकर ज्योतिरादित्य सिंधिया जब जनता के बीच उनका अभिवादन करने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी हथेली में फांस लग गया। फांस लगने की वजह से ज्योतिरादित्य सिंधिया चोटिल हो गए। इसके बाद जब सिंधिया मंच पर पहुंचे तो वह अपनी उंगली को दबा रहे थे तो वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों ने तत्काल इसकी सूचना सिंधिया के काफिले में शामिल डॉक्टरों की टीम को दिया।
केंद्रीय मंत्री के हाथ में लगी फांस
सूचना मिलने के बाद उनके काफिले में चल रही एंबुलेंस की टीम के डॉक्टर मौके पर पहुंचे और उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का उपचार किया। पहले तो मेडिकल विशेषज्ञ सिंधिया का उपचार करने के लिए पहुंचे। लेकिन जब उनके हाथ में फांस लगने की सूचना मिली तो फिर बाद में सर्जरी से संबंधित डॉक्टर भी मौके पर पहुंच गए। करीब 15 मिनट तक केंद्रीय मंत्री सिंधिया की उंगली का इलाज करते डॉक्टर नजर आए। बता दें कि इस दौरान जब तक ये इलाज चला तब तक मंच पर खामोशी बनी रही और प्रोग्राम को कुछ मिनटों के लिए टाल दिया गया।
सिंधिया का अनोखा अंदाज
बता दें कि इसके बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। उनका ये अंदाज ग्वालियर से बेंगलुरू जा रही स्पेशल ट्रेन में सफर के दौरान देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में गाना भी गाया। बता दें कि गुरुवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ग्वालियर से बेंगलुरू के लिए नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई ट्रेन दोनों शहरों के बीच यात्रियों के लिए यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी। रेल मंत्रालय के मुताबिक, यह साप्ताहिक ट्रेन हर शुक्रवार की दोपहर 3 बजे ग्वालियर से रवाना होगी और रविवार की सुबह 7.35 बजे बेंगलुरू पहुंचेगी। इसके बाद हर रविवार की दोपहर 3.50 बजे यह ट्रेन बेंगलुरू से निकलेगी और मंगलावर की सुबह 10.25 बजे ग्वालियर पहुंचेगी।
