हूती विद्रोहियों ने किया ऐसा हमला मालवाहक जहाज Titanic की तरह समंदर में डूबा, देखें VIDEO


Magic Seas Sank In Sea
Image Source : @IRANOBSERVER0
Magic Seas Sank In Sea

Magic Seas Sank In Sea:  यमन के हूती विद्रोही लाल सागर में लगातार व्यापारिक जहाजों पर हमले करते रहे हैं। हाल के दिनों में ये हमले बढ़ गए हैं। ऐसा तब हो रहा है जब अमेरिका और इजरायल की ओर से यमन में लगातार हूतियों को निशाना बनाकर भीषण बमबारी की गई है। इस बीच हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने रविवार को जिस मालवाहक जहाज को निशाना बनाया था वह लाल सागर में पूरी तरह डूब गया है। समंदर में डूबते हुए जहाज का वीडियो भी सामने आया है। 

देखें समंदर में डूबते हुए जहाज का वीडियो

हूती विद्रोहियों ने रविवार को लाइबेरिया के झंडे वाले ग्रीस के जहाज ‘मैजिक सीज’ पर ड्रोन, मिसाइल, रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड और छोटे हथियारों से हमला किया था। इस हमले के बाद जहाज के चालक दल के 22 सदस्यों को जहाज छोड़ना पड़ा था। वीडियो में देखा जा सकता है कि डूबने से पहले जहाज में भीषण धमाके हो रहे हैं। हूती विद्रोहियों ने सोमवार दोपहर ‘मैजिक सीज’ पर हमले की जिम्मेदारी ली थी। 

इजरायल ने दिया जवाब

हूतियों के हमलों के बाद इजरायली सेना ने कहा कि ‘मैजिक सीज’ पर हमले के बाद उसने हुदेदा, रास ईसा और सालिफ में हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले बंदरगाहों के साथ-साथ रास कनातिब बिजली संयंत्र को निशाना बनाया है। उसने कहा, ‘हूती आतंकवादी इन बंदरगाहों का इस्तेमाल ईरानी शासन से मिलने वाले हथियारों की आपूर्ति के लिए करते हैं। इन हथियारों का इस्तेमाल इजरायल और उसके सहयोगियों के खिलाफ आतंकवादी अभियान चलाने के लिए किया जाता है।’

हूतियों ने लगातार जहाजों को बनाया निशाना

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, नवंबर 2023 से जनवरी 2025 के बीच हूतियों ने मिसाइलों और ड्रोन से 100 से अधिक व्यापारी जहाजों को निशाना बनाया है। इनमें से कई जहाज समंदर में डूब भी गए हैं साथ ही चालक दल के सदस्यों की भी मौतें हुई हैं। हूतियों के लगातार हो रहे हमलों की वजह से लाल सागर में जहाजों की आवाजाही बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई है। इस समुद्री रास्ते से सालाना करीब एक ट्रिलियन अमरीकी डॉलर का सामान जहाजों से गुजरता है। सोमालियाई डाकू भी इस इलाके में सक्रिय हैं जो अक्सर जहाजों को लूट लेते हैं।

जानें कौन हैं हूती, कहां से मिलता है समर्थन?

हूती यमन के अल्पसंख्यक शिया ‘जैदी’ समुदाय का एक हथियारबंद समूह है। इस समुदाय ने 1990 के दशक में तत्कालीन राष्ट्रपति अली अब्दुल्लाह सालेह के कथित भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए इस समूह का गठन किया था। इसका नाम संस्थापक हुसैन अल हूती के नाम पर पड़ा है। हूती खुद को ईरान समर्थक बता चुके हैं।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने अफगान सीमा के पास कर दिया कांड, घंटों तक चली दनादन गोलियां

रूस ने यूक्रेन में वो कर दिया जो अब तक नहीं हुआ था, जानें भड़के जेलेंस्की ने क्या कहा

Latest World News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *