
बागवानी
आजकल घर में सब्जियां और फल उगाना काफी लोकप्रिय हो रहा है। बागवानी करना न सिर्फ देखने में अच्छा लगता है, बल्कि यह हमारे आस-पास के वातावरण को भी शुद्ध रखता है। पौधे हमें भरपूर ऑक्सीजन देते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने के लिए ज़रूरी है। लेकिन कई बार अच्छी देखभाल के बावजूद पौधों की पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और जड़ें सूखने लगती हैं। इसकी एक बड़ी वजह है पौधों में लगने वाले कीड़े। अगर आपके पौधों को भी “कीड़ों की नज़र” लग गई है, तो घबराइए नहीं! यहां कुछ आसान तरीके बताए गए हैं जिनसे आप अपने पौधों को हरा-भरा और स्वस्थ रख सकते हैं.
पौधों को कीड़ों से बचाने के लिए करें ये काम
-
पत्तियों को पानी से धोएं: अगर आपको पत्तियों या तने पर कीड़े चिपके हुए दिखें, तो एक स्प्रे बोतल में पानी भरें। धीरे-धीरे पत्तियों पर पानी छिड़कें और तब तक धोते रहें जब तक कीड़े धुल न जाएं। इस प्रक्रिया को हफ्ते में एक या दो बार करें। यह छोटे कीड़ों को हटाने का एक बहुत ही सरल और प्रभावी तरीका है।
-
नीम की पत्तियों का जादू: नीम की पत्तियां पौधों को कीड़ों से बचाने के लिए बेहतरीन हैं। इन्हें पानी में उबालें और फिर उस पानी को ठंडा कर लें। इस ठंडे नीम के पानी को हर हफ्ते पौधों की मिट्टी में डालें। आप चाहें तो इसे स्प्रे बोतल में भरकर पत्तियों पर भी स्प्रे कर सकते हैं। नीम का पानी प्राकृतिक कीटनाशक का काम करता है।
-
नमक का स्प्रे करें: पेड़-पौधों के लिए नमक का स्प्रे एक अच्छा और प्राकृतिक तरीका है। पानी में नमक मिलाकर पौधों पर इसका स्प्रे करें। इससे कीड़े नहीं लगेंगे। साथ ही, नमक पौधों को मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्वों को बढ़ाने और फॉस्फोरस व सल्फर जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों को मिट्टी से लेने में भी मदद करता है।
-
दालचीनी का पाउडर छिड़कें: अगर आपके गार्डन या गमले में छोटे पौधे हैं और उनमें कीड़े लग रहे हैं, तो दालचीनी का पाउडर उन पर छिड़कें। दालचीनी में कई तरह के एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण होते हैं जो छोटे और नए पौधों को कीड़ों और बीमारियों से बचाते हैं।
