अमेरिका से ट्रेड पर टेंशन के बीच भारतीयों के लिए आई बड़ी खुशखबरी, आज से ही मिलने जा रहा ये बड़ा तोहफा


विनय क्वात्रा, अमेरिका में भारत के राजदूत
Image Source : X@INDIANEMBASSYUS
विनय क्वात्रा, अमेरिका में भारत के राजदूत

वाशिंगटनः अमेरिका और भारत के बीच चल रहे ट्रेड पर तनाव के बीच वाशिंगटन से भारतीयों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। अमेरिका में भारत के राजदूत ने एक बयान जारी कर यह सूचना दी है। उन्होंने बताया कि अमेरिका के 8 शहरों में 1 अगस्त यानि आज से ही भारतीयों के लिए बड़ी सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इससे अमेरिका में बसे भारतीयों और भारत से अमेरिका जाने वाले लोगों के लिए मुश्किलें आसान हो जाएंगी। इसके तहत अमेरिका में 9 नए कांसुलर आवेदन सेंटर खोले जा रहे हैं। 

भारत के राजदूत ने दी जानकारी

अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने एक्स पर यह खुशखबरी शेयर की है। कहा, “…आज हमें यह घोषणा करते हुए बहुत ख़ुशी हो रही है कि हम बॉस्टन, कोलंबस, डलास, डेट्रॉइट, एडिसन, ऑरलैंडो, रैले और सैन जोस में आठ नए भारतीय काउंसलर आवेदन केंद्र खोल रहे हैं। इसके अतिरिक्त, हम बहुत जल्द लॉस एंजेलेस में भी एक और भारतीय काउंसलर आवेदन केंद्र खोलेंगे। इन नए काउंसलर आवेदन केंद्रों के खुलने के साथ, हमारे काउंसलर सेवाएं प्रदान करने की उपस्थिति और इससे जुड़ी सेवाओं की क्षमता में उल्लेखनीय रूप से वृद्धि और विस्तार होगा।”

पासपोर्ट, वीजा और ओसीआई से जुड़ी दिक्कतें होंगी दूर

राजदूत क्वात्रा ने इस अवसर पर कहा कि यह निर्णय भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। ताकि वे पासपोर्ट, वीज़ा, ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI )और अन्य काउंसलर सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय किए बिना सुविधाजनक रूप से आवेदन कर सकें। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों की स्थापना से भारत सरकार की काउंसलर सेवाओं की पहुंच और क्षमताएं काफी हद तक बढ़ेंगी और इससे लोगों को बेहतर सेवा अनुभव मिलेगा। इससे न केवल सेवाओं की गति में सुधार होगा, बल्कि पारदर्शिता, दक्षता और उपयोगकर्ता-सुविधा जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं में भी मजबूती आएगी।

अमेरिका में बढ़ रही भारतीय समुदायों की संख्या

राजदूत ने कहा कि अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है और इसी के अनुरूप सेवाओं की आवश्यकता भी बढ़ रही है। इस मांग को पूरा करने और समुदाय के साथ एक मजबूत संबंध बनाए रखने के लिए भारत सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन नए केंद्रों के माध्यम से न केवल प्रशासनिक प्रक्रियाएं सरल होंगी, बल्कि भारत और अमेरिका के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध भी और अधिक सुदृढ़ होंगे।

मोदी सरकार में विदेश में बसे भारतीयों की मौज

यह पहल भारत सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके अंतर्गत वह विदेशों में बसे भारतीय नागरिकों की सहायता और सेवा में हमेशा तत्पर रहती है। राजदूत क्वात्रा ने इस अवसर पर भारतीय समुदाय को धन्यवाद भी दिया और उनसे अपील की कि वे इन केंद्रों का अधिकतम लाभ उठाएं।

Latest World News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *