
मई में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी ये फिल्म।
सिनेमाघरों में हर शुक्रवार कोई न कोई नई फिल्म रिलीज होती है। इन दिनों सिनेमाघरों में सैयारा का खुमार छाया है। इस रोमांटिक ड्रामा के बीच अगर आप कुछ रोमांच और सस्पेंस से भरा देखना चाहते हैं तो ओटीटी का रुख कर सकते हैं, जहां एक्शन, थ्रिलर से लेकर कॉमेडी और बॉलीवुड, साउथ से लेकर हॉलीवुड तक का कंटेंट उपलब्ध है। आज हम आपको एक ऐसी ही फिल्म के बारे में बताएंगे, जो ओटीटी पर धूम मचा रही है और इसकी आईएमडीबी (IMDb) रेटिंग भी जबरदस्त है। हम बात कर रहे हैं, कुछ महीने पहले रिलीज हुई साउथ सिनेमा की क्राइम-थ्रिलर ‘इलेवन’ की, जिसमें मार-धाड़, सस्पेंस, रोमांच सब कूट-कूटकर भरा है।
साइको किलर और होशियार पुलिस अफसर
इलेवन की कहानी एक सीरियल किलर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शहर में एक-एक कर हत्या की वारदात को अंजाम देते घूम रहा है। ये एक साइको किलर है, जो पुलिस की सोच से एक कदम आगे चल रहा है। पुलिस इस हत्यारे को पकड़ने में नाकाम और हताश हो जाती है और इसी बीच कहानी में एंट्री होती है एक होशियार पुलिस अफसर की, जो अपनी चालाकी और तेज दिमाग के साथ इस गुत्थी को सुलझाने में जुट जाता है। तेलुगु और तमिल भाषा में बनी ये फिल्म एक जबरदस्त क्राइम थ्रिलर ड्रामा है, जिसे देखकर आपकी बोरियत दूर हो जाएगी।
क्राइम थ्रिलर है इलेवन
लोकेश अजल्स के निर्देशन में बनी इलेवन एक क्राइम थ्रिलर है, जो 16 मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज की गई थी। फिल्म को तमिल और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज किया गया, लेकिन ये तब दर्शकों को इंप्रेस नहीं कर सकी। लेकिन, 13 जून 2025 को जब यही फिल्म ओटीटी पर आई तो इसे दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। अगर आप भी ये जबरदस्त सस्पेंस से भरी क्राइम थ्रिलर देखना चाहते हैं तो ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
इलेवन की कहानी
इलेवन की कहानी विशाखापट्टनम के इर्द-गिर्द घू्मती है, जहां होने वाली रहस्यमयी हत्याएं लोगों के रातों की नीदें उड़ा देती है। फिल्म में नवीन चंद्रा पुलिस इंस्पेक्टर अरविंद के किरदार में हैं, जो एक काबिल और ईमानदार पुलिस अफसप है। अरविंद को ये सीरियल किलर केस सुलझाने की जिम्मेदारी मिलती है, जिसे इस केस की जांच के दौरान मनोवैज्ञानिक ट्विस्ट का सामना करना पड़ता है। फिल्म की आईएमडीबी रेटिंग की बात की जाए तो इसे 7.4 रेटिंग मिली है।
