
राम गोपाल वर्मा
फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार अपनी फिल्मों के लिए नहीं, बल्कि अपने पोस्ट की वजह से विवाद में फंस गए। 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर निर्देशक ने सोशल मीडिया पर उन लोगों के नाम गिनाए, जिन्होंने उनकी रचनात्मक यात्रा को आकार दिया और वो उनके लिए प्रेरणा है, जहां एक ओर उन्होंने अमिताभ बच्चन, स्टीवन स्पीलबर्ग, ऐन रैंड, ब्रूस ली और श्रीदेवी जैसे दिग्गजों को सलाम करते हुए पोस्ट की शुरुआत की। वहीं दूसरी ओर अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का नाम भी शामिल कर दिया, जिससे लोग भड़क गए।
दाऊद इब्राहिम पर राम गोपाल वर्मा का पोस्ट
एक्स पर एक नोट शेयर करते हुए राम गोपाल वर्मा ने लिखा, ‘अमिताभ बच्चन, स्टीवन स्पीलबर्ग, ऐन रैंड, ब्रूस ली, श्रीदेवी और दाऊद इब्राहिम समेत उन सभी महान लोगों को मेरा सलाम जिन्होंने मुझे जो कुछ भी बनने और जो भी फिल्में बनाने के लिए प्रेरित किया। शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं।’ मोस्ट वांटेड डॉन और भारत के सबसे कुख्यात गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम का जिक्र आते ही इंटरनेट यूजर्स उन पर भड़क गए, जिन्होंने फिल्म निर्माता पर असली गुरुओं के सम्मान के दिन एक अपराधी को अपनी प्रेरणा बताने का आरोप लगाया।
राम गोपाल वर्मा पर भड़के लोग
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है और यूजर्स ने आरजीवी के शब्दों के चयन की कड़ी आलोचना की। एक यूजर ने कमेंट किया, ‘दाऊद के शिक्षक को भी सचमुच गर्व होना चाहिए क्योंकि एक शिक्षक न केवल दुनिया में शीर्ष पर रहना सिखाता है, बल्कि कभी-कभी अंडरवर्ल्ड में भी रहना सिखाता है।’ दूसरे यूजर ने उनसे सीधे सवाल किया, ‘आपने दाऊद इब्राहिम से क्या सीखा?’ वहीं, तीसरे यूजर ने लिखा, ‘ओसामा बिन लादेन को भी जोड़ लीजिए… आप दाऊद को अपना गुरु बताते हुए प्रेरणा का मजाक उड़ा रहे हैं।’
आरजीवी का दाऊद की कहानी से जुड़ाव
यह पहली बार नहीं है जब राम गोपाल वर्मा ने अपने काम को दाऊद इब्राहिम से जोड़ा है। 2021 में फिल्म निर्माता ने ‘डी कंपनी’ का निर्देशन किया था जो दाऊद के नेतृत्व में मुंबई के अंडरवर्ल्ड साम्राज्य से प्रेरित एक फिल्म थी। इससे पहले, स्पॉटबॉय को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, ‘मैं दाऊद इब्राहिम की बदौलत अपनी जीविका चलाता हूं। मैंने गैंगस्टर फिल्मों से अपना करियर बनाया क्योंकि मुझे हमेशा से ही इंसानी स्वभाव के अंधेरे पहलू से लगाव रहा है।’
