प्रेम प्रसंग पर हंगामा: प्रेमी के साथ निकाह पर अड़ी युवती ने खाया जहर, समाजसेवी की पहल से हुई हैप्पी एंडिंग


Nikah- India TV Hindi
Image Source : REPORTERT INPUT
समाजसेवी ने कराया प्रेमी जोड़े का निकाह

यूपी के सहारनपुर में प्रेम प्रसंग का एक मामला चर्चा का विषय बन गया। परिजनों के विरोध के बीच एक युवती ने अपने प्रेमी से निकाह की जिद में जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। गनीमत रही कि समय पर उसे अस्पताल पहुंचा दिया गया और उसकी जिंदगी बच गई।

जानकारी के मुताबिक गंगोह कस्बे में रहने वाली एक युवती का मोहल्ले के ही एक युवक से कई वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। परिजनों के विरोध से आहत होकर बुधवार शाम युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोह में भर्ती कराया गया, जहां समय से इलाज मिलने पर उसकी जान बचा ली गई।

समाजसेवी ने कराई शादी

घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष व समाजसेवी हाजी सलीम कुरैशी सामने आए। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर समझाने का प्रयास किया। युवती ने साफ कहा कि यदि उसका निकाह प्रेमी से नहीं हुआ तो वह अपनी जिंदगी खत्म कर लेगी। हालात बिगड़ते देख कुरैशी की पहल पर गुरुवार सुबह उनके निवास स्थान पर दोनों का निकाह संपन्न कराया गया।

निकाह के बाद भी परिजन नाराज

निकाह की रस्में पूरी होने के बाद भी युवती के परिजन नाराज दिखे और उन्होंने बेटी से संबंध तोड़ने की बात कही। हालांकि, प्रेमी-प्रेमिका के चेहरों पर निकाह के बाद खुशी साफ झलक रही थी। कुरैशी ने बताया कि लड़की का साफ कहना था कि अगर उसकी शादी प्रेमी के साथ नहीं हुई तो वह जान दे देगी। ऐसे में उन्होंने पहले लड़की फिर लड़के के घर वालों को समझाया और दोनों का निकाह करा दिया। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को दुआ देते हुए कहा कि दोनों नए जीवन की शुरुआत कर रहे हैं और साथ में अच्छे से अपना जीवन व्यतीत करें।

(सहारनपुर से खालिद हसन की रिपोर्ट)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *