
पीसीएस अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने पत्नी से विवाद के बाद जा दे दी।
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बुधवार सुबह एक दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे केशवराय गांव में 40 वर्षीय समाज कल्याण अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पत्नी से फोन पर हुए विवाद के बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।
2 साल पहले पास की थी PCS परीक्षा
आशीष सिंह मूल रूप से पूरे केशवराय गांव के ही रहने वाले थे। बचपन से ही पढ़ाई में होनहार आशीष ने अपनी मेहनत से पहले बेसिक शिक्षा विभाग में खंड शिक्षा अधिकारी का पद हासिल किया। करीब 2 साल पहले उन्होंने PCS परीक्षा पास की और आजमगढ़ जिले में समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनाती पाई। उनकी शादी करीब 10 साल पहले सुल्तानपुर जिले में हुई थी और उनका एक 5 साल का बेटा भी है। परिजनों के अनुसार, पिछले 3 महीनों से आशीष की पत्नी अपने मायके में रह रही थी।
पत्नी से फोन पर हुआ था विवाद
आशीष शनिवार को छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे और बुधवार सुबह आजमगढ़ ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी से फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद आशीष अपने कमरे में चले गए। काफी देर तक जब कमरे से कोई आहट नहीं आई तो परिजनों ने आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने जबरन दरवाजा तोड़ा तो अंदर आशीष का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से आशीष के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी इस घटना को लेकर शोक की लहर है। आशीष की मेहनत और काबिलियत के चर्चे पूरे गांव में थे, लेकिन इस तरह उनके जीवन का अंत हो जाएगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। (रिपोर्ट: बृजेश मिश्रा)
