यूपी: पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी के खिलाफ FIR दर्ज, जानें मामला


Amitabh Thakur- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE
अमिताभ ठाकुर

लखनऊ: यूपी के लखनऊ से एक बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी नूतन ठाकुर के खिलाफ कथित जालसाजी, धोखाधड़ी और पद के दुरुपयोग के आरोप में FIR दर्ज की गई है। बता दें कि अमिताभ ठाकुर वर्तमान में आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष हैं।

क्या है पूरा मामला?

अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी पर पुलिस ने देवरिया में एक औद्योगिक भूखंड आवंटन से जुड़े दो दशक से अधिक पुराने मामले में कथित जालसाजी, धोखाधड़ी और पद के दुरुपयोग का मामला शुक्रवार को दर्ज किया है। हालांकि इस मामले में अमिताभ ठाकुर का बयान भी सामने आया है और उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है।

अमिताभ ठाकुर ने अपनी सफाई में क्या कहा?

अमिताभ ठाकुर ने कहा कि “यह FIR मुख्य रूप से हमारे द्वारा शासन में बैठे उच्च पदाधिकारी के गलत कार्यों के संबंध में लगातार की जाने वाली विभिन्न कार्यवाहियों के प्रतिशोध के कारण दर्ज की गई है।” 

अमिताभ के खिलाफ शिकायत में क्या कहा गया?

अमिताभ ठाकुर के खिलाफ शिकायत में कहा गया, “नूतन ठाकुर ने झूठे बहाने से अपने और अपने पति के नाम पर एक औद्योगिक भूखंड हासिल करने के लिए हलफनामे और जाली पहचान पत्रों सहित जाली दस्तावेज तैयार किए हैं।” आरोप है कि 1999 में भूखंड आवंटित करने के लिए जाली कागजात तैयार किए गए और जिला उद्योग केंद्र, देवरिया के महाप्रबंधक को सौंपे गए।

आरोप ये भी हैं कि तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) देवरिया के पद पर तैनात अमिताभ ठाकुर ने आवंटन प्रक्रिया को प्रभावित करने, कथित अवैध कृत्य को संरक्षण देने और खुद को और अपने परिवार को सरकारी लाभ पहुंचाने के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया। 

कौन है शिकायतकर्ता?

अमिताभ ठाकुर के खिलाफ शिकायत करने वाले शख्स का नाम आलोक कुमार श्रीवास्तव है। (इनपुट: भाषा)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *