
चुकंदर कोफ्ता रेसिपी
सर्दियों में फिट रहना है तो रोजाना आधा चुकंदर जरूर खाएं। चुकंदर शरीर के लिए बहुत फायदेमंद सब्जी है। इससे शरीर को भरपूर आयरन मिलता है। चुकंदर को सलाद के रूप में आसानी से डाइट में शामिल कर सकते हैं, लेकिन जिन लोगों को कच्चा चुकंदर खाना पसंद नहीं है वो इसकी सब्जी बनाकर भी खा सकते हैं। चुकंदर के कोफ्ते खाने में जितने टेस्टी लगते हैं इसकी सब्जी दिखने में उतनी ही अच्छी लगती है। बच्चे बड़े सभी को गुलाबी रंग के चुकंदर के कोफ्ते खूब पसंद आएंगे। फटाफट नोट कर लें चुकंदर के कोफ्ते बनाने की ये आसान रेसिपी।
चुकंदर के कोफ्ते की रेसिपी (Beetroot Kofta Recipe)
पहला स्टेप- चुकंदर की सब्जी बनाने के लिए आपको 2 मीडियम साइज के चुकंदर लेने हैं और उन्हें धोकर साफ कर लें। अब चुकंदर को छील लें और कद्दूकस कर लें। अब चुकंदर में आधा छोटी चम्मच नमक डाल दें और अच्छी तरह मिक्स कर लें। नमक से चुकंदर का कड़वापन कम हो जाएगा और हल्की मुलायम हो जाएगी। चुकंदर को 5 मिनट के लिए रख दें।
दूसरा स्टेप-मिक्सी में 2 बड़े प्याज, 5 कली लहसुन, 1 अदरक का टुकड़ा और 2 हरी मिर्च बिना पानी डाले दरदरा पीस लें। अब चुकंदर को मुट्ठी से दबाकर पानी निचोड़ दें। चुकंदर का पानी जो बच जाए उसे जूस की तरह पी लें। आप चाहें तो सब्जी में भी थोड़ा चुकंदर का पानी डाल सकते हैं।
तीसरा स्टेप-निचोड़े हुए चुकंदर में 2 चम्मच प्याज वाला पेस्ट डाल दें। इसमें थोड़ा नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, बारीक कटा हरा धनिया और गरम मसाला डाल दें। अब बाइंडिंग के लिए बेसन मिलाएं और इसे मुलायम आटे जैसा बनाना है। इससे आप टिक्की की शेप में या कोफ्ते की गोल शेप में बॉल्स जैसी बनाकर तैयार कर लें।
चौथा स्टेप-कड़ाही में 2 चम्मच तेल डालें, गर्म होने पर तेल में 1 दालचीनी का टुकड़ा, 1 बड़ी इलायची, 1 छोटा चम्मच जीरा डालें। अब इसमें प्याज वाला पेस्ट डालकर मसाला भून लें। प्याज भुन जाए तो 2 पिसे हुए टमाटर मिला दें। मसाला हल्का भुन जाए तो इसमें हल्दी, नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर मिला दें। अब 3-4 चम्मच पानी डाल दें जिससे मसाला जले नहीं और गैस की फ्लेम एकदम धीमी कर दें।
पांचवां स्टेप-कड़ाही के ऊपर दूध ढकने वाली जाली रखें और उस पर चुकंदर की बनाई हुई टिक्की या बॉल रख दें। जाली को हल्दा ग्रीस कर लें और ऊपर से किसी लिड से कवर करके 5 मिनट के लिए स्टीम होने दें। आप चाहें तो इन्हें स्टीमर में स्टीम कर सकते हैं या इन्हें फ्राई भी कर सकते हैं। चुकंदर की टिक्की कम पकी हों तो कुछ देर और स्टीम कर लें।
छठवां स्टेप- अब ग्रेवी में जरूरत के हिसाब से और पानी डाल दें। उबाल आने पर इसमें चुकंदर की टिक्की डाल दें। ऊपर से कसूरी मेथी डालकर 2 मिनट के लिए सब्जी को कवर करके और पकाएं। अब 2 लंबी कटी हरी मिर्च डालें, बारीक कटा हरा धनिया और थोड़ा गरम मसाला डालकर गैस बंद कर दें। चुकंदर की स्वादिष्ट सब्जी बनकर तैयार है। आप इसे रोटी पराठा या चावल किसी के साथ भी खा सकते हैं।
