
बाबर आजम
Babar Azam 15000 International Runs: पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच 4 नवंबर को फैसलाबाद क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई थी, इस सीरीज को पाकिस्तान ने 2-1 से अपने नाम किया था। इस सीरीज में पाकिस्तान की कप्तानी शाहीन शाह अफरीदी करेंगे। उन्हें हाल ही में पाकिस्तान वनडे टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इस बीच सीरीज के पहले वनडे मैच में पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम के पास एक खास उपलब्धि अपने नाम करने का मौका होगा।
इंटरनेशनल क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे कर सकते हैं बाबर
बाबर ने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 326 मैच खेले हैं और वहां उन्होंने 367 पारियों में 14959 रन बनाए हैं। अगर वह पहले वनडे मैच में 41 रन बना लेते है तो इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके 15000 रन पूरे हो जाएंगे। बता दें कि पाकिस्तान के लिए अब तक सिर्फ 4 ही प्लेयर्स इंटरनेशनल क्रिकेट में 15000 रन बना पाए हैं। इस लिस्ट में इजमाम उल हक, यूनिस खान,मोहम्मद यूसुफ और जावेदा मियांदाद का नाम शामिल है। अगले मैच में 41 रन बनाते ही इस उपलब्धि को अपने नाम करने वाले बाबर पांचवें खिलाड़ी बन जाएंगे।
शतक लगाने के मामले में पहले नंबर पर पहुंच जाएंगे बाबर आजम
बाबर ने अभी तक वनडे क्रिकेट में 19 शतक लगाए हैं। अगर वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में शतक जड़ लेते हैं तो वह पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा वनडे शतक जड़ने के मामले में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर आ जाएंगे। फिलहाल उनसे आगे इस लिस्ट में सिर्फ सईद अनवर हैं। उनके नाम वनडे में 20 शतक दर्ज है। बता दें कि इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए तीन टी-20 मैच की सीरीज में बाबर कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे। 3 पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ 79 रन आए, जिसमें एक अर्धशतक शामिल रहा। अब वह इस वनडे सीरीज में कुछ बड़ी पारियां खेलना चाहेंगे।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान का स्क्वॉड
सैम अयूब, फखर ज़मान, बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), हुसैन तलत, सलमान आगा, हसन नवाज़, शाहीन अफरीदी (कप्तान), मोहम्मद नवाज, हारिस रऊफ, अबरार अहमद, फहीम अशरफ, नसीम शाह, मोहम्मद वसीम जूनियर, फैसल अकरम, हसीबुल्लाह खान
यह भी पढ़ें
दो बार के वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी को LSG ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बनाया अपनी फ्रेंचाइजी का ग्लोबल हेड
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद टीम का साथ छोड़ देगा ये कोच, बोर्ड ने लिया बड़ा फैसला
