बिहार: नई कैबिनेट में नए चेहरों को भी मिलेगा मौका? NDA के घटक दलों में रस्साकशी तेज, इन नामों की चर्चा


Nitish kumar- India TV Hindi
Image Source : PTI
नीतीश कुमार और राज्यपाल आरिफ मोहम्माद खान

पटना: बिहार में एनडीए की नई कैबिनेट के गठन में अब चंद दिन ही बाकी रह गए हैं। इस बीच एनडीए के घटक दलों में कैबिनेट में जगह पाने के लिए रस्साकशी तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) से पांच से छह नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है। महनार सीट से निर्वाचित जद(यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा को भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नयी टीम में जगह मिलने की संभावना है। कुमार 19 नवंबर को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपेंगे और इसके बाद 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

जेडीयू में पुराने चेहरे, बीजेपी में कुछ नए चेहरे

सूत्रों ने बताया कि जद(यू) अपने अधिकांश मंत्रियों को बरकरार रख सकता है, जबकि भाजपा कुछ नए चेहरों को शामिल कर सकती है। पिछले मंत्रिमंडल के 25 मंत्रियों में से 24 ने इस बार चुनाव जीता, जबकि एकमात्र पराजित मंत्री सुमित कुमार सिंह इस बार अपनी सीट नहीं बचा सके। सिंह 2020 में निर्दलीय जीते थे और बाद में जद(यू) कोटे से मंत्री बने थे। जद(यू) और भाजपा के अलावा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) भी नयी सरकार का हिस्सा होंगी।

चिराग की पार्टी से 3, HAM और RLM को एक-एक मंत्री पद

सूत्रों के अनुसार, “लोजपा (रामविलास) को तीन, जबकि हम और रालोमो को एक-एक मंत्री पद मिलने की संभावना है। भाजपा से अधिकतम 16 और जद(यू) से 14 मंत्री, मुख्यमंत्री के साथ 20 नवंबर को शपथ ले सकते हैं।” जद(यू) सूत्रों ने कहा कि पिछली बार उनके पास केवल 12 मंत्री थे। इस बार संख्या 2020 की तुलना में बढ़ी है, इसलिए नयी सरकार में उनका प्रतिनिधित्व भी बढ़ेगा। मुख्यमंत्री के अलावा जद(यू) के जिन नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है, उनमें बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, सुनील कुमार, लेसी सिंह, शीला मंडल, मदन सहनी, रत्नेश सदा, मोहम्मद जामा खान, जयंत राज, उमेश सिंह कुशवाहा और अशोक चौधरी शामिल हैं। नए चेहरों में राहुल कुमार सिंह, सुधांशु शेखर, कलाधर प्रसाद मंडल और पन्ना लाल सिंह पटेल के नामों पर विचार किया जा रहा है।

बीजेपी तीन से चार नए चेहरों को दे सकती है मौका

भाजपा की तरफ से अधिकांश मौजूदा मंत्रियों को दोबारा मौका मिलने की संभावना है। पार्टी तीन से चार नए चेहरों को शामिल कर सकती है। जिन मंत्रियों को दोबारा जगह दी जा सकती है उनमें सम्राट चौधरी, प्रेम कुमार, मंगल पांडेय, विजय कुमार सिन्हा, नीतीश मिश्रा, रेनू देवी, जिबेश कुमार, नीरज कुमार सिंह, जनक राम, हरि साहनी, केदार प्रसाद गुप्ता, सुरेंद्र मेहता, संतोष कुमार सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं जबकि नए चेहरों में राणा रणधीर, गायत्री देवी और विजय कुमार खेमका को जगह मिल सकती है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए ऐतिहासिक गांधी मैदान को 20 नवंबर तक आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है। पटना जिला प्रशासन के अनुसार आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समारोह में शामिल होने की संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राजग के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रह सकते हैं। (इनपुट-भाषा)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *