
नाइजीरिया की सेना ने ब्रिगेडियर जनरल की हत्या की खबर को झूठा बताया है।
डकार: इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस यानी कि ISWAP ने सोमवार को दावा किया कि उसके लड़ाकों ने नाइजीरिया के एक ब्रिगेडियर जनरल को पकड़ लिया और फिर उसकी हत्या कर दी। मारे गए जनरल का नाम ब्रिगेडियर जनरल एम यूसुफ उबा बताया गया है। ISWAP से जुड़ी अल अमाक न्यूज़ एजेंसी ने अपने बयान में कहा कि जनरल उबा को बोर्नो राज्य के वाजिरोको इलाके में गश्त के दौरान पकड़ा गया और फिर उसे कत्ल कर दिया गया। नाइजीरिया की सेना ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है।
ISWAP ने कम से कम 15 बार फौजी चौकियों पर हमले किए
शनिवार को सेना के सोशल मीडिया अकाउंट से जारी बयान में कहा गया, ‘सेना मुख्यालय कुछ ऑनलाइन मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चल रही उस झूठी खबर का खंडन करता है जिसमें ब्रिगेड कमांडर के अपहरण का दावा किया जा रहा है।’ ISWAP ने सेना के इस बयान को ‘सरासर झूठ’ करार दिया है। बोको हराम से अलग हुए दो बड़े गुटों में से एक ISWAP पिछले कुछ सालों में फिर से मजबूत हुआ है। इस साल अब तक इस गुट ने कम से कम 15 बार फौजी चौकियों पर हमले किए हैं, जिसमें कई सैनिक मारे गए और हथियार लूट लिए गए।
ज्यादातर हमलों को रात के वक्त अंजाम देता है ISWAP
इस साल मई में ISWAP ने गाजीबो, बुनी गारी, मार्ते, इज्गे और रान में चौकियां उड़ा दी थीं। इसके अलावा नाइजीरिया-कैमरून की संयुक्त चौकी वुल्गो और कैमरून के सौएराम पर भी हमला किया था। साल भर में मलम फतोरी, गोनिरी, साबोन गारी, वाजिरोको और मोंगुनो जैसे कई इलाकों में भी इस गुट ने हमले किए। ज्यादातर हमले रात के वक्त होते हैं। बोको हराम का दूसरा गुट जमातु अहलिस सुन्ना लिद्दावाती वल जिहाद (JAS) अब आम नागरिकों पर हमले ज्यादा कर रहा है और फिरौती के लिए अपहरण करता है।
नाइजीरिया पिछले कई सालों से आतंकी गुटों से जूझ रहा है
साहेल क्षेत्र के विशेषज्ञ और सूफान सेंटर के सीनियर रिसर्च फेलो वसीम नस्र ने कहा, ‘जनरल की हत्या इस बात की याद दिलाती है कि ISWAP के साथ जंग अभी भी चल रही है और नाइजीरियाई सेना अभी भी इस लड़ाई में अपने कीमती संसाधन झोंक रही है।’ नाइजीरिया पिछले कई सालों से बोको हराम और दूसरे हथियारबंद गुटों से जूझ रहा है। कई बार गलती से हवाई हमलों में आम लोग भी मारे गए हैं। दूसरी तरफ सेना लगातार हवाई हमले और स्पेशल ऑपरेशन करके इन गुटों के ठिकानों को निशाना बना रही है।
