
आरजेडी समर्थक की हत्या।
गुना: बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद परिणाम आ गए हैं और अब वहां सरकार गठन की तैयारियां भी तेज से चल रही हैं। इन सबके बीच पटना से करीब 1000 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश में इसका असर देखने को मिला है। यहां बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर एक परिवार में हुई बहस खून-खराबे में तब्दील हो गई। पुलिस के मुताबिक बहस के दौरान माहौल इतना गरमा गया कि एनडीए के प्रमुख घटक जनता दल (यूनाइटेड) के दो समर्थक भाइयों ने राजद समर्थक अपने ही भांजे को कथित तौर पर कीचड़ में दबाकर मार डाला।
शिवहर से मजदूरी करने आए थे गुना
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना कैंट थाना क्षेत्र की पुलिस लाइन के निर्माणाधीन परिसर की है। यहां बिहार के शिवहर जिले से मजदूरी करने आए शंकर मांझी (22) अपने दो परिचितों राजेश मांझी (25) और तूफानी मांझी (27) के साथ ठहरा हुआ था। उन्होंने बताया कि रिश्ते में राजेश और तूफानी, शंकर के मामा लगते हैं। उन्होंने बताया कि तीनों लगभग दो-तीन दिन पहले ही गुना पहुंचे थे और रोजमर्रा के काम में लगे थे। थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने बताया कि आरंभिक जांच में सामने आया कि शंकर राजद समर्थक था, जबकि उसके दोनों मामा जदयू की विचारधारा का समर्थन करते थे।
शराब के नशे में हुई बहस
उन्होंने बताया कि सभी ने साथ शराब पी और नशे में बातचीत धीरे-धीरे आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को उकसाते रहे और मामला गाली-गलौज तक जा पहुंचा, जिससे स्थिति इस हद तक बिगड़ गई कि राजेश और तूफानी ने गुस्से में शंकर पर हमला कर दिया। भार्गव के मुताबिक मारपीट इतनी बढ़ गई कि दोनों मामाओं ने मिलकर शंकर को पास की कीचड़ भरी मिट्टी में घसीटा और उसका मुंह पानी एवं कीचड़ में दबा दिया तथा तब तक ऐसा किया जब तक कि उसकी सांसें बंद नहीं हो गईं।
कीचड़ में दबाकर की हत्या
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंचकर युवक को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने बताया कि राजेश और तूफानी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि नशे में बहस इतनी बढ़ गई कि वे खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही उसके परिजनों को सूचना भेज दी है और आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
