
अनमोल बिश्नोई को लेकर बड़ा खुलासा
लॉरेंस बिश्नोई के भाई बिश्नोई को मंगलवार को अमेरिका से प्रत्यर्पित किया गया और वह बुधवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचा। उसके पासपोर्ट की एक प्रति से पता चलता है कि यह 2021 में बनाया गया था और उस फर्जी पासपोर्ट में उसका नाम अनमोल बिश्नोई की जगह भानु प्रताप लिका गया है । अनमोल बिश्नोई, यानी इस मामले में भानु प्रताप, की जन्मतिथि 15 दिसंबर, 2000 दर्ज है और उनके माता-पिता के नाम राकेश और सुमित्रा देवी हैं। पासपोर्ट संख्या V3534569 थी और पता फरीदाबाद के सेक्टर 82 का बताया गया था।
कैलिफोर्निया में गिरफ्तार किया गया था अनमोल
बता दें कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी और गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मुख्य आरोपी अनमोल बिश्नोई ने भानु प्रताप नाम से एक फर्जी पासपोर्ट बनवाया था और उसका इस्तेमाल अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने के लिए किया था। बिश्नोई को अवैध दस्तावेजों के साथ देश में प्रवेश करने के आरोप में नवंबर 2024 में कैलिफ़ोर्निया के सैक्रामेंटो में गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी महाराष्ट्र की एक अदालत द्वारा उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किये जाने तथा इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी किये जाने के कुछ दिनों बाद की गई।
एनआईए ने 14 दिनों की हिरासत मांगी है
गैंगस्टर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है। उसे मेडिकल जांच के लिए ले जाया जाएगा और फिर अदालत में पेश किया जाएगा, जहांआतंकवाद-रोधी एजेंसी 14 दिनों की हिरासत की मांग की है। एनआईए द्वारा बिश्नोई से पूछताछ के बाद, मुंबई, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों और शहरों की पुलिस अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में उसके खिलाफ दर्ज विभिन्न मामलों के संबंध में गैंगस्टर से पूछताछ करने की कोशिश करेगी।
जिन कई मामलों में वह आरोपी है, उनमें से तीन हाई-प्रोफाइल मामले पिछले साल अक्टूबर में मुंबई में बाबा सिद्दीकी की हत्या और मई 2022 में पंजाब के मानसा जिले में सिद्धू मूसेवाला की हत्या और पिछले साल अप्रैल में सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई गोलीबारी हैं।
