श्रीलंका में भीषण चक्रवात ‘Ditwa’ के कारण लगे आपातकाल के बीच रेस्क्यू कर रही NDRF टीम, जयशंकर ने शेयर किया VIDEO


श्रीलंका में हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू करती एनडीआरएफ की टीम।- India TV Hindi
Image Source : PTI
श्रीलंका में हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू करती एनडीआरएफ की टीम।

कोलंबो: श्रीलंका में आए भीषण चक्रवात ‘दित्वा’ से मची भारी तबाही के बाद राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पूरे देश में आपातकाल लगा दिया है। चक्रवात के कारण मरने वालों की संख्या 150 से अधिक हो गई है। देश के विभिन्न प्रांतों से भूस्खलन में लोगों के दबने और अचानक आई बाढ़ में बह जाने की दर्दनाक घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच भारत ने ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत दो सैन्य विमानों से करीब 21 टन राहत सामग्री श्रीलंका भेजी है। एनडीआरएफ टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। विदेश मंत्री जयशंकर ने जांबांजों का एक वीडियो शेयर किया है।


एनडीआरएफ के जवान बने हनुमान

श्रीलंका के बाढ़ पीड़ितों को रेस्क्यू करने में भारत से भेजे गए 80 जवान हनुमान के रूप में आपदाग्रस्त लोगों की जान बचा रहे हैं। अब धीरे-धीरे चक्रवात के श्रीलंका से दूर जाने के साथ जलस्तर घट रहा है, लेकिन अधिकारियों ने चेतावनी दी कि इसके अप्रत्यक्ष प्रभाव अभी जारी रहेंगे। आपदा प्रबंधन केंद्र (डीएमसी) की रिपोर्ट के अनुसार, खराब मौसम से मरने वालों की संख्या बढ़कर 153 हो गई है। डीएमसी ने बताया कि 191 लोग लापता हैं और कई जिलों में तलाशी और राहत अभियान जारी है। कुल 25 जिलों में 2,17,263 परिवारों के 7,74,724 लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। कई क्षेत्रों में बाढ़, भूस्खलन और भारी बारिश के कारण हालात अभी भी कठिन बने हुए हैं। 

 

हेलीकॉप्टर और बोट से किया जा रहा रेस्क्यू

बाढ़ में फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर और बोट के जरिये एनडीआरफ के जवान रेस्क्यू कर रहे हैं। ऐसे कई वीडियो सामने आए हैं, जिसके जरिये भारतीय जवान बाढ़ पीड़ितों की मुश्किल हालात में जान बचाते दिख रहे हैं। एनडीआरएफ जवानों की इस जांबाजी को हर कोई सलाम कर रहा है। भारत ने श्रीलंका के मुश्किल समय में बड़ा सहारा दिया है। भारत से राहत सामग्री लगाता श्रीलंका के बाढ़ पीड़ितों को पहुंचाई जा रही है। अब तक 21 टन से अधिक राहत सामग्री कोलंबो भेजी जा चुकी है। 

 

श्रीलंका ने पूरे देश में लगाया आपातकाल

डीएमसी के अनुसार देशभर में 798 राहत शिविरों में 27,494 परिवारों के 1,00,898 लोग फिलहाल आश्रय लिए हुए हैं। शुक्रवार रात जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, पूरे देश में आपातकाल लागू कर दिया गया है। भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया पर बताया कि चक्रवात ‘दित्वा’ से हुई तबाही को देखते हुए राहत प्रयासों में तेजी लाने के लिए ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ शुरू किया गया। शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि को हिंडन एयरबेस से एक सी-130 और एक आईएल-76 विमान भेजे गए, जिनके माध्यम से 21 टन राहत सामग्री, 80 से अधिक एनडीआरएफ कर्मी और आठ टन उपकरण श्रीलंका भेजे गए। जरूरतमंद समुदायों के लिए आवश्यक राशन और जरूरी सामान पहुंचाया गया। वायुसेना ने कहा, “पड़ोसी प्रथम” की नीति पर चलते हुए भारत इस संकट की घड़ी में श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है। (भाषा)

Latest World News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *