हीरो Vs विलेन… किस रोल में हिट हुए अक्षय खन्ना? कुछ ऐसा रहा ‘धुरंधर’ के रहमान डकैत की फिल्मों का हाल


akshaye khanna- India TV Hindi
Image Source : INSTA/@OFFICIALJIOSTUDIOS/@SUBHASHGHAI1
अक्षय खन्ना।

5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘धुरंधर’ का क्रेज इन दिनों हर किसी के सिर चढ़कर बोल रहा है। फिल्म को रिलीज हुए 7 दिन ही हुए हैं और इन सात दिनों में ही फिल्म ने 300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। यूं तो इस फिल्म के सभी किरदारों की जमकर चर्चा हो रही है, लेकिन ‘रहमान डकैत’ के किरदार में अक्षय खन्ना सब पर भारी पड़ गए, यहां तक कि रणवीर सिंह पर भी, जिन्होंने फिल्म में लीड रोल निभाया है। हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब अक्षय खन्ना ने खलनायक की भूमिका निभाई है, इससे पहले भी वह कई फिल्मों में विलेन बनकर वाहवाही लूट चुके हैं। तो चलिए आज अक्षय खन्ना की फिल्मों के हाल जानते हैं, जिससे ये भी पता चलता है कि धुरंधर एक्टर हीरो के रोल में ज्यादा हिट रहे या फिर विलेन के किरादर में।

1997 में डेब्यू

अक्षय खन्ना ने 1997 में ‘हिमालय पुत्र’ से डेब्यू किया था, लेकिन उनकी पहली ही फिल्म फ्लॉप हो गई। इसके बाद वह इसी साल ‘बॉर्डर’ में ‘लेफ्टिनेंट धरमवीर सिंह भान’ के किरदार में नजर आए और ये फिल्म इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई। हालांकि, इस मल्टी-स्टारर फिल्म में अक्षय लीड रोल में नहीं थे। इसी साल यानी 1997 में ही वह ‘मोहब्बत’ में लीड रोल में नजर आए और ये फिल्म भी फ्लॉप रही।

फ्लॉप की लगी झड़ी

इसके बाद 1998 में अक्षय खन्ना ज्योतिका के साथ ‘डोली सजा के रखना’ में नजर आए और ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई। इसी साल रिलीज हुई ‘कुदरत’में अक्षय खन्ना ने उर्मिला मातोंडकर के साथ स्क्रीन साझा किया और ये फिल्म भी फ्लॉप का ठप्पा लेकर बैठ गई। यही नहीं 1999 में आई ‘आ अब लौट चलें’ ने भी दर्शकों को निराश ही किया, जबकि इसमें अक्षय खन्ना के साथ ऐश्वर्या राय और राजेश खन्ना जैसे स्टार्स नजर आए थे। फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई, लेकिन ऐश्वर्या के साथ उनकी जोड़ी काफी पसंद की गई। इसी साल रिलीज हुई अक्षय खन्ना की ‘लावारिस’ भी फ्लॉप रही। मगर 1999 में ही आई ‘ताल’ पर दर्शकों ने दिल खोलकर प्यार लुटाया। बतौर लीड एक्टर ये अक्षय खन्ना की पहली सफल फिल्म थी, जिसमें वह ऐश्वर्या राय के साथ लीड रोल में थे। मगर ‘ताल’ के ठीक बाद रिलीज हुई ‘दहक’ ने बॉक्स ऑफिस पर दम तोड़ दिया।

2001 में आई ‘दिल चाहता है’ ने रचा इतिहास

2001 में रिलीज हुई ‘दिल चाहता है’ में अक्षय खन्ना को बड़ी सफलता मिली, हालांकि इसमें भी वह आमिर खान और सैफ अली खान जैसे सितारों के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आए थे। 2002 में आई ‘हमराज’ में पहली बार अक्षय निगेटिव रोल में नजर आए और इसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। इसी साल रिलीज हुई ‘दीवानगी’ बॉक्स ऑफिस पर सेमी हिट रही। फिल्म में उनके साथ अजय देवगन और उर्मिला मातोंडकर मुख्य भूमिका में थे। 2003 में आई रोमांटिक कॉमेडी ‘हंगामा’ हिट रही और ‘एलओसी कारगिल’ को भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। 2004 में रिलीज हुई ‘दीवार’ फ्लॉप और ‘हलचल’ हिट रही। 2006 में अक्षय तीन फिल्मों में नजर आए, ‘शादी से पहले’ (फ्लॉप), ’36 चाइना टाउन’ (सेमी हिट) और ‘आप की खातिर’ (फ्लॉप)। 2007 में आईं ‘नकाब’ (फ्लॉप), ‘गांधी माई फादर’ (फ्लॉप), ‘आजा नच ले’ (फ्लॉप) रहीं।

उठता-गिरता रहा करियर

अक्षय कुमार का करियर हमेशा उतार-चढ़ाव से भरा रहा और 2007 में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। इस साल आई ‘रेस’ जहां हिट रही तो वहीं ‘मेरे बाप पहले आप’ एवरेज साबित हुई। 2009 में आई ‘शॉर्टकट’ फ्लॉप रही वहीं 2010 में आई ‘आक्रोश’ फ्लॉप ‘नो प्रॉब्लम’ फ्लॉप और ‘तीस मार खान’ भी फ्लॉप रहीं। 2012 में रिलीज हुई ‘गली गली में चोर है’ फ्लॉप, 2016 में आई ‘ढिशूम’ हिट, 2017 में आई ‘मॉम’ हिट और ‘इत्तेफाक’ फ्लॉप रही। 2019 में रिलीज हुई ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ फ्लॉप  और ‘सेक्शन 375’ एवरेज रही। 2020 में रिलीज हुई ‘सब कुशल मंगल’ भी फ्लॉप रही। वहीं 2022 में आई ‘दृश्यम 2’ ब्लॉकबस्टर और इस साल आई ‘छावा’ भी ब्लॉकबस्टर रही। वहीं ‘धुरंधर’ अब भी सिनेमाघरों में बवाल काटने में व्यस्त है।

हीरो के रोल में टॉप 5 फिल्मों के हाल

हीरो के किरदार में अक्षय खन्ना की फिल्मों की बात करें तो उन्होंने ‘बॉर्डर’, ‘एलओसी कारगिल’, ‘ताल’, ‘दिल चाहता है’ और ‘हंगामा’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से वाहवाही लूटी है। लेकिन, इनमें से ताल के अलावा सभी फिल्मों में उनके साथ कोई अन्य मेल एक्टर जरूर लीड रोल में रहा है। 

विलेन बनकर हासिल की तारीफें

अक्षय खन्ना ने अब तक 6 फिल्मों में नकारात्मक भूमिका निभाई है। 2002 में आई ‘हमराज’, इसी साल आई ‘दीवानगी’,  2008 में रिलीज हुई ‘रेस’, 2016 में आई ‘ढिशूम’, 2025 में आई ‘छावा’ और अब हाल ही में रिलीज हुई ‘धुरंधर’ और ये सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट रही हैं। यानी कुल मिलाकर अक्षय खन्ना हर बार दर्शकों पर अपनी खलनायकी की छाप छोड़ने में सफल रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः ‘पार्ट 2 आ रहा है…’ धुरंधर पर ऋतिक रोशन की राजनीति पर उठाए थे सवाल, अब डायरेक्टर आदित्य धर ने दिया जवाब

बेटे के साथ कोलकाता पहुंचे शाहरुख खान, मेसी से करेंगे मुलाकात, साल्ट लेक स्टेडियम में जमा हुई फैन्स की भीड़

Latest Bollywood News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *