
धर्मेंद्र।
हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने 24 नवंबर को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन को 26 दिन गुजर चुके हैं। इस बीच धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ चर्चा में है, जो पहले तो 25 दिसंबर 2025 को रिलीज होनी थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। अगस्त्य नंदा और सिमर भाटिया स्टारर ये फिल्म अब 1 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस बीच फिल्म का फाइनल ट्रेलर जारी किया गया, जिसे देखने के बाद हर कोई भावुक हो गया है और अब धर्मेंद्र को याद करते हुए उनकी बेटी ईशा देओल ने ‘इक्कीस’ से उनका एक वीडियो शेयर किया है, जिसे देखकर ही-मैन के फैंस फिर भावुक हो गए हैं।
ईशा देओल को आई पिता धर्मेंद्र की याद
इंस्टाग्राम पर ईशा देओल ने धर्मेंद्र का एक वीडियो शेयर किया है, जो उनकी आखिरी फिल्म’इक्कीस’ की शूटिंग के आखिरी दिन का है। इस वीडियो को शेयर करते हुए ईशा देओल ने कैप्शन के जरिए दिवंगत पिता को याद किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा- ‘ही इस द बेस्ट। लव यू पापा’ इसी के साथ रेड हार्ट इमोजी शेयर करते हुए ईशा ने दिवंगत पिता को याद किया।
ईशा देओल ने शेयर किया वीडियो
ईशा देओल ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें धर्मेंद्र ‘इक्कीस’ में काम करने का अपना एक्सपीरियंस साझा कर रहे हैं और साथ ही वह इसमें अपनी एक ख्वाहिश भी जाहिर कर रहे हैं। वह कहते हैं- ‘मैं मैडॉक फिल्म्स के साथ काम करके बहुत खुश हूं। टीम, टीम के कैप्टन श्रीराम जी, सबको थैंक यू। ये फिल्म बहुत ही अच्छी तरह बनाई गई है और मुझे लगता है इंडिया और पाकिस्तान दोनों को ये फिल्म देखनी चाहिए। शूटिंग का आखिरी दिन है, इसलिए मैं खुश भी हूं और भावुक भी हूं। लव यू ऑल, अगर मुझसे कहीं कोई गलती हो गई हो तो क्षमा करियेगा।’
भावुक हुए फैन
ये वीडियो देखकर धर्मेंद्र के फैंस भी उन्हें याद करके भावुक हो गए हैं। कई ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए ही-मैन को याद किया। एक ने कमेंट करते हुए लिखा- ‘धर्मेंद्र जी बॉलीवुड के सबसे शानदार अभिनेता थे।’ एक अन्य ने लिखा- ‘मिस यू धर्मेंद्र जी, काश आज भी आप हमारे बीच होते।’ एक और यूजर लिखता है- ‘उनकी विरासत को समाप्त करने का कितना शानदार तरीका है!’
इक्कीस में धर्मेंद्र का रोल
फिल्म ‘इक्कीस’ में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा लीड रोल में हैं और उनके साथ अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। ये अगस्त्य की दूसरी फिल्म है, लेकिन बड़े पर्दे पर ये उनकी पहली रिलीज होगी। वहीं इस फिल्म के साथ सिमर डेब्यू कर रही हैं। फिल्म में अगस्त्य नंदा, सेना के सेंकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं, धर्मेंद्र उनके पिता की भूमिका में हैं। ये धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म है, जिसके चलते फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः दीपिका पादुकोण संग अनबन के बीच संदीप रेड्डी वांगा ने किया ‘धुरंधर’ का रिव्यू, रणवीर की फिल्म पर कही ये बात
महाभारत के युधिष्ठिर साइबर ठगी का शिकार, मुंबई पुलिस की तत्परता ने वापिस दिलाई 98 हजार की रकम
