यूपी, बिहार और झारखंड में बेहद घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट, पंजाब-हरियाणा के लिए भी IMD ने दी चेतावनी


Delhi Fog- India TV Hindi
Image Source : PTI
दिल्ली में घना कोहरा

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में बेहद घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तर पूर्वी राज्यों में भी कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू कश्मीर में हल्की बारिश की भी चेतावनी दी गई है। महाराष्ट्र कर्नाटक और केरल में तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को ठंड से बचने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है। मौसम विभाग ने अपने एक्स पोस्ट में बताया कि रात और सुबह के समय उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ इलाकों में 21 तारीख की सुबह तक घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में 25 से 27 तारीख तक मौसम का यही पैटर्न रहने की उम्मीद है। 26 और 27 तारीख को, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना से बहुत घना कोहरा रहेगा, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22, 26 और 27 तारीख को कोहरा रहेगा। झारखंड में 21 और 22 तारीख को और मध्य प्रदेश में 21 दिसंबर की सुबह तक कोहरा रहेगा।

आईएमडी के साइंटिस्ट नरेश कुमार ने बताया, “एक एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस है, जो अगले 3-4 दिनों में भारत के उत्तर-पश्चिम हिस्से पर असर डालेगा। इसके चलते, हमें हिमालयी इलाके में हल्की बारिश और बर्फबारी की उम्मीद है। हमें कल भारी बारिश और बर्फबारी की भी उम्मीद है, जिसका असर कश्मीर घाटी पर पड़ सकता है। इसके अलावा, मैदानी इलाकों में, पंजाब के उत्तरी हिस्सों में भी अगले 3-4 दिनों में हल्की बारिश हो सकती है।”

इन राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट

उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा: 21 तारीख की सुबह तक


पंजाब और हरियाणा: 25–27

पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 26 और 27

पूर्वी उत्तर प्रदेश: 22, 26 और 27

झारखंड: 21 और 22

मध्य प्रदेश: 21 दिसंबर की सुबह तक

यूपी-उत्तराखंड में ठंड का अलर्ट

उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा में 21 दिसंबर के सुबह तक, पंजाब, हरियाणा के कुछ इलाकों में 25-27 के दौरान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 और 27, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22, 26 और 27, झारखंड में 21-22 और मध्य प्रदेश में 21 दिसंबर को रात/सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की बहुत संभावना है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 20 दिसंबर को शीत दिवस से लेकर भीषण शीत दिवस की स्थिति रहने की बहुत संभावना है।

कहां-कितना रहेगा तापमान?

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है और उसके बाद अगले 4 दिनों में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। पूर्वी भारत में अगले 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है। गुजरात क्षेत्र में अगले 2 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद अगले 3 दिनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की -धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना और उसके बाद न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। महाराष्ट्र, मध्य और उत्तर-पूर्वी भारत में अगले 7 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

ट्रेन-फ्लाइट लेट होने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार कुछ एयरपोर्ट, नेशनल हाईवे और रेलवे मार्गों पर प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी जाती है। यदि एहतियाती उपाय नहीं किए गए, तो इससे कुछ सड़क यातायात दुर्घटनाएं हो सकती हैं। बहुत घने कोहरे वाले मार्गों में बिजली लाइनों के ट्रिप होने की संभावना है।

फेफड़े के लिए खतरनाक है कोहरा

घने कोहरे में कणिका तत्व और अन्य प्रदूषक होते हैं और इनके संपर्क में आने पर ये फेफड़ों में जमा हो जाते हैं, उन्हें अवरुद्ध कर देते हैं और उनकी कार्यात्मक क्षमता को कम कर देते हैं

जिससे घरघराहट, खांसी और सांस लेने में तकलीफ बढ़ जाती है। लंबे समय तक घने कोहरे के संपर्क में रहने से अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और फेफड़ों से संबंधित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोगों को सांस लेने में समस्या हो सकती है। घने कोहरे में विभिन्न प्रकार के प्रदूषण होते हैं और हवा में मौजूद ये प्रदूषक आंखों की झिल्लियों में जलन पैदा कर सकते हैं, जिससे विभिन्न संक्रमण हो सकते हैं जिससे आंखों में लालिमा या सूजन आ सकती है।

गाड़ी चलाते समय सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने कहा है कि वाहन चलाते समय या किसी भी परिवहन से यात्रा करते समय सावधान रहें। वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें। अपनी यात्रा के कार्यक्रम के लिए एयरलाइन, रेलवे और राज्य परिवहन से संपर्क में रहें। आपातकालीन स्थिति को छोड़कर बाहर जाने से बचें और चेहरा ढंके रहें।

Latest India News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *