वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंदों में तूफानी शतक ठोक मचाया तहलका, कर दी छक्कों-चौकों की बारिश


Vaibhav Suryavanshi- India TV Hindi
Image Source : PTI
वैभव सूर्यवंशी

Vaibhav Suryavanshi in Vijay Hazare Trophy: वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर बल्ले से कमाल कर दिया है। वैभव सूर्यवंशी ने 40 से कम गेंदों में शतक ठोक क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है। 14 साल के वैभव ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बिहार के लिए पहले ही मैच में महज 36 गेंदों में ताबड़तोड़ शतक ठोकने का कारनामा कर दिखाया है। इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने के मामले में न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन की बराबरी कर ली। कोरी एंडरसन ने साल 2014 में क्वींसटाउन में वेस्टइंडीज के खिलाफ 36 गेंदों पर सेंचुरी ठोकने का कमाल किया था।

यही नहीं, वैभव लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में दूसरा सबसे तेज सैकड़ा जड़ने वाले भारतीय हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय अनमोलप्रीत सिंह हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ पंजाब के लिए महज 35 गेंदों पर शतक ठोका था।

लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज

  • जेक फ्रेजर-मैकगर्क – 29 गेंदें
  • एबी डिविलियर्स – 31 गेंदें
  • अनमोलप्रीत सिंह – 35 गेंदें
  • कोरी एंडरसन – 36 गेंदें
  • वैभव सूर्यवंशी – 36 गेंदें

धोनी के घर में वैभव का कमाल

14 साल के वैभव ने धोनी के घर यानी रांची के जेएससीए ओवल ग्राउंड में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 10 चौके और 8 छक्के जड़ते हुए अपना सैकड़ा पूरा किया। 14 साल के स्टार बल्लेबाज के लिस्ट-ए करियर का यह पहला शतक है। इससे पहले वह T20 क्रिकेट में 3 तूफानी शतक जड़ चुके हैं। हालांकि, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका शतक आना अभी बाकी है। 

गौरतलब है कि वैभव के लिए साल 2025 शानदार रहा है। उन्होंने इस साल IPL और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक जड़ा। यही नहीं, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर यूथ टेस्ट में भी सैकड़ा ठोका। इसके अलावा उन्होंने U19 एशिया कप और यूथ ODI में शतक जड़ने का कमाल किया है। और अब विजय हजारे में सेंचुरी लगाते हुए अपनी बैटिंग का लोहा मनवा दिया है।

Latest Cricket News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *