
ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड
AUS vs ENG Melbourne cricket pitch: इस वक्त इंग्लैंड की क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है, जहां एशेज सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के अब तक चार मैच हो गए हैं, जिसमें से तीन मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज पर कब्जा भी कर लिया है। इस बीच बात अगर चौथे मैच की करें तो ये मैच केवल दो ही दिन में खत्म हो गया था। ये अपने आप में अजूबा ही था कि दो दिन में ही मैच खत्म हो गया। इस मैच को इंग्लैंड की टीम ने अपने नाम किया था। इसके बाद अब आईसीसी ने इस मैदान की पिच को अपनी रेटिंग दी है, जो अच्छी नहीं है।
मेलबर्न की पिच को आईसीसी ने बताया असंतोषजनक, एक डिमेरिट प्वाइंट भी मिला
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड टेस्ट दो ही दिन तक चल पाया था। जो लोग तीसरे और चौथे दिन मैच देखने जाने का इंतजार कर रहे थे, उन्हें मायूसी हाथ लगी। अब आईसीसी ने मेलबर्न की पिच को असंतोषजनक रेटिंग दी है। साथ ही एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया है, जो पांच साल तक एक्टिव रहेगा। ये क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और मेलबर्न के लिए अच्छी खबर तो कतई नहीं कही जा सकती। पहले एक लो स्कोरिंग मैच में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को पीट दिया और उसके बाद पिच को भी रेटिंग ठीक नहीं मिली है।
दो दिन में गिरे 36 विकेट, किसी बल्लेबाज ने पूरा नहीं कर पाया अर्धशतक
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए इस मैच में केवल 142 ओवर की फेंक गए और इन दो दिनों के दौरान 36 विकेट गिर गए थे। इंग्लैंड ने भले ही चौथी पारी में दिया गया स्कोर चेज कर लिया हो, लेकिन फिर भी उसके छह विकेट गिर गए थे। खास बात ये भी रही कि दोनों टीमों का कोई भी बल्लेबाज यहां शतक की बात तो दूर की है, अर्धशतक तक नहीं लगा पाया था।
जेफ क्रो ने पिच को लेकर कही ये बात
आईसीसी एलीट पैनल के हिस्सा जेफ क्रो ने पिच को लेकर कहा कि ये पिच पूरी तरह से गेंदबाजों के पक्ष में थी। उनका कहना था कि मैच के पहले ही दिन 20 विकेट गिरे और दूसरे दिन 16 विकेट गिरे। कोई भी बल्लेबाज 50 का आंकड़ा पार नहीं कर पाया, इसका मतलब ये है कि ये पिच आईसीसी की गाइडलाइंस के अनुसार असंतोषजनक है।
एशेज का आखिरी मैच सिडनी में 4 जनवरी से होगा
इस बीच एशेज सीरीज के चार मैच हो चुके हैं। इसमें से तीन मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते और एक में इंग्लैंड ने बाजी मारी। अभी पांचवां और आखिरी मैच बाकी है। आखिरी टेस्ट 4 जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा। देखना होगा कि सिडनी की पिच कैसी रहती है और इस मैच में कौन सी टीम बाजी मारने में कामयाब होती है।
यह भी पढ़ें
ध्रुव जुरेल ने जमाया धमाकेदार शतक, चौके और छक्कों की लाइन लगाकर ठोक दी टीम इंडिया की दावेदारी
ICC Rankings: साल खत्म होते- होते कैसी है टीम इंडिया की तीनों फॉर्मेट में रैंकिंग, दो में तो नंबर वन
