
Donald Trump
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो अपने डॉक्टरों की सलाह से अधिक एस्पिरिन की रोजाना डोज लेते हैं। ट्रंप ने अपनी सेहत को लेकर चल रही अटकलों पर बात करते हुए हाथ पर पड़ने वाले नीले निशानों का कारण इसी को बताया। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, द वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) को दिए अपने इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “वो कहते हैं कि एस्पिरिन खून को पतला करने के लिए अच्छी है, और मैं नहीं चाहता कि मेरे दिल में गाढ़ा खून बहे। मैं चाहता हूं कि मेरे दिल में अच्छा, पतला खून बहे।”
नीले निशानों पर क्या बोले ट्रंप?
इंटरव्यू में 79 साल के अमेरिकी राष्ट्रपति ने हाल ही में दिखाई देने वाले नीले निशानों की रिपोर्ट पर कहा, जिसमें उनके दाहिने हाथ पर निशान और बाएं हाथ पर नए रंग बदलने के निशान शामिल हैं, “वो चाहते हैं कि मैं छोटी वाली गोली लूं। मैं बड़ी वाली लेता हूं, लेकिन मैं यह सालों से कर रहा हूं, और इससे नीले निशान पड़ जाते हैं।”
ट्रंप ने पास किया टेस्ट
इंटरव्यू के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि व्हाइट हाउस के डॉक्टरों ने बताया है कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्होंने लगातार तीसरी बार अपना कॉग्निटिव टेस्ट पास किया है। ट्रंप ने कहा, “मेरा पक्का मानना है कि राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को अनिवार्य रूप से एक मजबूत, सार्थक और साबित कॉग्निटिव टेस्ट देने के लिए मजबूर किया जाना चाहिए। हमारा महान देश बेवकूफ या नाकाबिल लोगों द्वारा नहीं चलाया जा सकता!”
एस्पिरिन की कितनी डोज लेते हैं ट्रंप?
CNN ने WSJ के हवाले से बताया कि ट्रंप के डॉक्टर, डॉ सीन बारबाबेला के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति रोजाना 325 मिलीग्राम एस्पिरिन लेते हैं। CNN के अनुसार, एक सामान्य कम डोज वाली एस्पिरिन की खुराक 75 से 100 मिलीग्राम तक होती है, जिसमें 81 मिलीग्राम सबसे आम है। इसमें यह भी बताया गया कि 325 मिलीग्राम से ज्यादा की रोजाना खुराक प्रभावशीलता में सुधार किए बिना ब्लीडिंग का खतरा बढ़ा सकती है।
कार्डियोलॉजिस्ट ने उठाए सवाल
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, जॉर्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मेडिसिन के प्रोफेसर और पूर्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति डिक चेनी के लंबे समय से कार्डियोलॉजिस्ट रहे डॉ जोनाथन राइनर ने रिपोर्ट्स पर कमेंट करते हुए कहा, “दिन में एक एस्पिरिन लेने से इस तरह के नील पड़ना आम बात नहीं है। मेरा सवाल है, ‘क्या राष्ट्रपति कोई ऐसी दवाएं लेते हैं जिनके बारे में व्हाइट हाउस ने खुलासा नहीं किया है?'” इंटरव्यू में, ट्रंप ने यह भी साफ किया कि पिछले साल अक्टूबर में उनका जो स्कैन हुआ था, वह CT स्कैन था, ना कि MRI जैसा कि पहले बताया गया था।
यह भी पढ़ें:
अमेरिका में नए साल पर आतंकी हमला नाकाम, FBI ने ISIS से प्रेरित युवक को किया गिरफ्तार
VIDEO: नेपाल में टल गया बड़ा हादसा, रनवे पर फिसला विमान; बच गई 55 यात्रियों की जान
